
बॉलिवुड में संगीत की दुनिया में शोहरत बटोरने वाले निर्माता भूषण कुमार ने उन तमाम नाराज सिंगर्स से माफी मांगते हुए कहा कि हर सिंगर का एक वक्त होता है और लोग उनको सुनते हैं। लेकिन आज समय बदल गया है और अब कोई भी आज से 5 साल पुराने सिंगर को नहीं सुनना चाहते हैं।
इन कलाकारों को किया मेंशन
भूषण ने बताया कि सोनू निगम, अलका याग्निक, उदित नारायण, हिमेश रेशमियां और अदनान सामी जैसे तमाम बेहतरीन सिंगर जिन्हे एक समय में दुनिया सुनती थी, आज उनके गानों को उनकी ही आवाज में रीक्रिएट किया जाता है तो लोग नहीं सुनते और गाना गिर जाता है। भूषण ने कहा, 'हमने सोनू निगम, उदित नारायण जैसे तमाम अच्छे सिंगर्स के साथ खूब काम किया है। सारे लोग हमारे फेवरेट हैं। हमारा किसी के साथ कोई झगड़ा नहीं है, न ही काम करने को लेकर उनकी कोई शर्ते हैं। दरअसल मामला यह है कि समय बदल गया है और हर कलाकार या सिंगर का एक समय होता है। अब यह बात किसी सिंगर को अच्छी लगती नहीं है, लेकिन इस बात का हमारे पास कोई इलाज भी नहीं है।'
जनता की डिमांड का रखता हूं ख्याल
भूषण बताते हैं, 'एक टाइम पर हिमेश रेशमिया के गाने खूब सुने-सुनाए जाते थे, बाद में अदनान सामी को भी खूब सुना गया। सोनू निगम को दुनिया सुनती थी, लेकिन यह जो फेस है वह बदलता रहता है। हमें इस बात को स्वीकार करना होगा। मुझे यह ब्लेम करना कि मैं किसी सिंगर से गाना नहीं गवा रहा हूं या किसी सिंगर का गाना किसी और से गवा रहा हूं यह सब ठीक बात नहीं है। मैं जो भी गाने जैसे भी बना रहा हूं सब कुछ जनता की मांग और पसंद के हिसाब से हो रहा है।'