बॉलीवुड

स्वरा भास्कर ने पाकिस्तान को बताया खूबसूरत, भारतीयों का फूटा गुस्सा, ‘धुरंधर 2’ पर बहस के बीच पुराना वीडियो वायरल

Swara Bhaskar Pakistan Video Trolled: बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर का एक वीडियो तेजी से वायरल है जिसमें वो पाकिस्तान की जमकर तारीफ करते हुए नजर आ रही हैं। क्या है पूरा मामला, चलिए जानते हैं।

3 min read
Mar 22, 2026
Swara Bhaskar Pakistan Video Trolled (सोर्स- एक्स)

Swara Bhaskar Pakistan Video Trolled: बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर एक बार फिर सोशल मीडिया पर तीखी बहस के केंद्र में आ गई हैं। इस बार वजह बना है उनका पुराना इंटरव्यू, जिसमें उन्होंने लाहौर की जमकर तारीफ की थी। ये वीडियो ऐसे समय वायरल हुआ है जब उनकी मां इरा भास्कर ने हाल ही में 'धुरंधर 2' के राजनीतिक संदेश पर सवाल उठाए थे। इन दोनों घटनाओं ने मिलकर सोशल मीडिया पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।

‘धुरंधर’ पर टिप्पणी के बाद फिर चर्चा में आईं स्वरा (Swara Bhaskar Pakistan Video Trolled)

दरअसल, फिल्म स्कॉलर इरा भास्कर ने एक्टिविस्ट हर्ष मंदर के यूट्यूब चैनल ‘कारवां-ए-मोहब्बत’ पर आयोजित चर्चा में हाल के वर्षों की फिल्मों और सेंसरशिप पर बात करते हुए ‘धुरंधर’ का उदाहरण दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि फिल्म में मुसलमानों और पाकिस्तान को हिंसक नजरिए से दिखाया गया है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या किसी फिल्म की तकनीकी गुणवत्ता को उसके विचारधारात्मक संदेश से अलग किया जा सकता है।

इरा भास्कर के इस बयान का समर्थन स्वरा भास्कर ने भी किया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया। इसी बीच स्वरा का एक पुराना वीडियो सामने आ गया, जिसने विवाद को और बढ़ा दिया।

लाहौर की तारीफ बनी विवाद की वजह (Swara Bhaskar Pakistan Video Trolled)

वायरल वीडियो में स्वरा भास्कर अपने कॉलेज के दिनों की यादों का जिक्र करती नजर आती हैं। वो पाकिस्तानी चैनल पर बैठकर वहां के माहौल की तारीफ करते हुए नजर आती हैं। उन्होंने बताया कि उनके पिता भारतीय नौसेना में उच्च पद पर थे, इसके बावजूद वह अपनी एक दोस्त के साथ लाहौर घूमने गई थीं। इस दौरान उन्होंने कहा था कि उन्होंने लंदन, पेरिस और यूनाइटेड स्टेट्स जैसे कई शहर देखे हैं, लेकिन लाहौर की मेहमाननवाजी उन्हें सबसे अलग और खास लगी।

स्वरा ने यह भी कहा कि उन्हें वहां एक पल के लिए भी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि वह किसी दुश्मन देश में हैं। उनका मानना था कि आम लोग कभी दुश्मन नहीं होते, बल्कि देशों के बीच दूरियां राजनीतिक परिस्थितियों के कारण पैदा होती हैं।

अनारकली बाजार का भी किया था जिक्र

अपने अनुभव साझा करते हुए स्वरा ने लाहौर के मशहूर अनारकली बाजार का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि वहां के दुकानदारों ने उन्हें बेहद अपनापन दिया और चाय-समोसे खिलाकर स्वागत किया। उनके मुताबिक, ये अनुभव उनके लिए यादगार रहा।

हालांकि, सोशल मीडिया के एक बड़े वर्ग ने उनके इस बयान को पसंद नहीं किया। कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल करते हुए यहां तक कह दिया कि अगर उन्हें पाकिस्तान इतना पसंद है तो वहीं जाकर बस जाना चाहिए। कुछ लोगों ने तो उन्हें ‘देशद्रोही’ तक कह दिया।

सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं (Swara Bhaskar Pakistan Video Trolled)

वायरल वीडियो के बाद इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स ने उनके बयान को निजी अनुभव और ईमानदार सोच बताया, जबकि कई लोगों ने इसे भारत विरोधी नजरिया करार दिया। यही वजह है कि यह मामला तेजी से ट्रेंड करने लगा।

एक यूजर ने लिखा- 'मां और बेटी दोनों ही पाकिस्तानी हैं।' वहीं एक और यूजर ने लिखा- 'बिल्कुल आपकी बात से पूरी तरह से सहमत हूं। तो फिर आप पाकिस्तान में ही क्यों नहीं बस जाती।' वहीं एक और यूजर ने कमेंट किया- 'बहन आपके पापा नेवी में थे तो उनके पाकिस्तान हाई कमिशन में रिश्ते अच्छे कैसे हो सकते थे।'

धुरंधर 2 पर लगातार बहस जारी

गौरतलब है कि हाल के दिनों में आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर भी लगातार बहस जारी है। फिल्म के कंटेंट और उसके राजनीतिक संदेश को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे माहौल में स्वरा भास्कर का पुराना वीडियो सामने आना विवाद को और तेज कर गया है।

फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि इस वायरल वीडियो पर स्वरा भास्कर की तरफ से कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं। लेकिन इतना तय है कि उनके इस बयान ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी है।

Updated on:
22 Mar 2026 02:34 pm
Published on:
22 Mar 2026 02:25 pm
Also Read
View All

अगली खबर