
आज काला हिरण केस मामले पर सलमान खान समेत 'हम साथ साथ है' में काम कर चुके स्टार्स सैफ अली खान , सोनाली बेंद्रे, नीलम और तब्बू को जोधपुर कोर्ट फैसला सुनाएगी। केस की सुनवाई के चलते सभी आरोपी जोधपुर पहुंच चुके हैं। इसी दौरान एक मामला सामने आया है। दरअसल, तब्बू के साथ एक फैन ने जोधपुर एयरपोर्ट पर दुर्व्यवहार किया। जिसके बाद उनके बाउंसर्स ने फैन को सबक सिखाया ।
खबरों के मुताबिक एक फैन ने सिक्योरिटी गार्ड घेरे में घुसकर तब्बू के साथ मिसबिहेव किया। जिसके बाद बाउंसर्स ने फैन को बाहर धक्का दे दिया। हालांकि इस मामले में एक्ट्रेस ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। लेकिन इस हादसे से एक्ट्रेस अभी तक सदमे में हैं।
जानें पूरा मामला
1998 में जोधपुर में फिल्म 'हम साथ साथ है' की शूटिंग के दौरान सलमान खान पर 2 काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था। यह मामला लूणी थाना इलाके के कांकाणी गांव का है। सलमान के साथ फिल्म से जुड़े और कलाकार भी इस मामले में आरोपी हैं। सरकारी वकील भवानी सिंह भाटी से बातचीत के दौरान बताया कि उस रात सभी कलाकार जिप्सी कार में थे, सलमान खान वाहन चला रहे थे। हिरणों का झुंड देखने पर उन्होंने गोली चलाई और उनमें से दो हिरण मार दिए थे। जब लोगों ने उन्हें देखा और उनका पीछा किया तो ये कलाकर मृत हिरणों को मौके पर छोड़कर भाग खड़े हुए। उन्होंने कहा कि उन लोगों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं। इस मामले में सलमान खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी जिसके बाद तलाशी में सलमान खान के कमरे से रिवॉल्वर और राइफल बरामद किए गए थे।
4 जनवरी को पेश हुए थे सलमान
इससे पहले सलमान खान 4 जनवरी को सीजेएम ग्रामीण कोर्ट में पेश हुए थे। उस दौरान सलमान जोधपुर में ही थे इसलिए वह स्वंय कोर्ट में उपस्थित हुए। वह तकरीबन 30 मिनट तक कोर्ट में थे। इस दौरान सलमान के वकील ने केस से संबंधित गवाही की सीडी कोर्ट में पेश की थी। बताया जाता है कि इस सीडी को देख सलमान भावुक हो गए थे। सीडी पेश करने के बाद कोर्ट में अंतिम बहस हुई थी।
6 साल की सजा
20 साल पुराने इस मामले में अगर सलमान खान आरोपी साबित होते हैं तो उन्हें वाइल्ड लाइफ एक्ट की धारा 149 के तहत 6 साल की सजा हो सकती है।