
मुंबई। बॉलीवुड गानों के फैंस के लिए एक नया तोहफा आया है। ये तोहफा एक वृद्ध महिला ने दिया है। इस महिला ने लता मंगेशकर ( Lata Mangeshkar ) के गाए पॉपुलर गाने 'एक प्यार का नगमा...' को बड़ी ही सुरीली आवाज में गाया है। वृद्ध महिला का ये गाना वीडियो वायरल ( viral video ) हो गया है। देशभर के लोग इस आवाज के मुरीद हो गए हैं।
असल में एक फेसबुक पेज पर इस वीडियो को अपलोड किया गया। वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। बताया जाता है कि ये महिला पश्चिम बंगाल के रानाघाट रेलवे स्टेशन पर काम करती है। वहीं के किसी व्यक्ति ने ये वीडियो फेसबुक पेज को शेयर किया था।
अब तक इस गाने को 25 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। 47 हजार से ज्यादा लोग इसे शेयर कर चुके हैं। वीडियो पर देशभर से 4 हजार से ज्यादा कमेंट हो चुके हैं जिनमें अधिकांश ने महिला की आवाज की तारीफ की है।
लता की आवाज में गाया गया गाना 'एक प्यार का नगमा...' शोर मूवी का है। इस मूवी में मनोज कुमार, नंदा और मास्टर सत्यजीत रे लीड किरदारों में नजर आए थे। ये गाना आज भी लोगों की जुबान पर है।
इसी फेसबुक पेज से बुजुर्ग महिला का एक और वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो पर भी महिला को लोगों का प्यार मिल रहा है।
आपको बता दें कि सोशल मीडिया के जरिए पहले भी बहुत से लोग फेमस हो चुके हैं। दिसंबर 2016 में भी एक सिक्योरिटी गार्ड का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें शौविक नाम के गार्ड ने अरिजीत सिंह का 'बातें ये कभी ना...' गाना गाते देखा गया। ये वीडियो इतना वायरल हुआ कि बाद में इस गार्ड को शोज में बुलाया जाने लगा।