कंगना रनौत द्वारा मुंबई की तुलना पीओके से करने पर बॉलीवुड एक्टर्स उनके विरोध में उतर आए हैं। एक्टर सोनू सूद ने भी बिना नाम लिए कंगना पर निशाना साधा है।
नई दिल्ली: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत इन दिनों काफी सुर्खियों में हैं। उनके द्वारा किए गए ट्वीट्स नए-नए विवाद को जन्म दे रहे हैं। अब हाल ही में एक बार फिर कंगना ने कुछ ऐसा कह दिया कि पूरा बॉलीवुड उनके विरोध में खड़ा हो गया। दरअसल, कंगना ने मुंबई शहर की तुलना पाक अधिकृत कश्मीर से कर दी थी। जिसके बाद उनके बयान का हर कोई विरोध कर रहा है।
अब एक्टर Sonu Sood ने भी कंगना का नाम लिए बिना उनपर निशाना साधा है। एक्टर ने कहा कि सलाम करोगे तो सलामी मिलेगी। सोनू सूद ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुंबई... यह शहर तकदीरें बदलता है। सलाम करोगे तो सलामी मिलेगी।' उनका यह ट्वीट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। साथ ही लोग इसपर जमकर प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। सोनू सूद के अलावा कंगना रनौत के विरोध में कई एक्टर्स सामने आए। बिना नाम लिए एक्टर्स ने कंगना पर निशाना साधा।
वहीं, एक्ट्रेस रेणुका शहाणे ने कंगना रनौत को टैग करते हुए लिखा, 'डियर कंगना, मुंबई वो शहर है जहां तुम्हारे बॉलीवुड एक्ट्रेस बनने का सपना पूरा हुआ। सभी तुमसे इस बात की उम्मीद करते हैं कि तुम इस शहर के लिए थोड़ी सी रिस्पेक्ट दिखाओ। तुम मुंबई शहर की तुलना पीओके से कैसे कर सकती हो? जुबान उठाकर कुछ भी बोल दिया।'
एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'महाराष्ट्र भारत का सांस्कृतिक और बौद्धिक चेहरा है। यह महान शिवाजी महाराज की भूमि है। मुंबई ने करोड़ों भारतीयों को खाना दिया, नाम दिया और शोहरत दी है। उर्मिला ने आगे लिखा कि सिर्फ एहसान फरामोश लोग ही इसकी तुलना पीओके से कर सकते हैं।' इसके बाद उर्मिला मातोंडकर ने #EnoughIsEnough #आमचीमुंबई #MumbaiMeriJaan #जयमहाराष्ट्र जैसे हैशटैग दिए। वहीं एक्टर रितेश देशमुख ने भी ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुंबई हिंदुस्तान है।' ऐसे ही कई एक्टर्स ने मुंबई और मुंबई पुलिस की तारीफ की है।