बदायूं

हिंदुस्तान पेट्रोलियम के दो अफसरों की बदायूं में हत्या, गैस प्लांट में घुसकर मारी गोली

Badaun HPCL officers murder : बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के बायोगैस प्लांट के मैनेजर सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

2 min read
बदायूं में HPCL के दो अफसरों की हत्या, PC- X

बदायूं : बदायूं में हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बायो गैस प्लांट में दिनदहाड़े घुसकर दो अफसरों की हत्या कर दी गई। मैनेजर सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा की गोली मारकर हत्या की गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच चुकी है। पुलिस अंदर मौजूद स्टॉफ से मामले की जानकारी ले रही है। लोगों से पूछताछ की जा रही है।

मामला थाना मूसाझाग के सैजनी गांव का है। जानकारी के अनुसार गोली मारने का आरोप प्लांट में लोडर के पद पर रह चुके एक कर्मचारी पर है। बताया जा रहा है किसी विवाद के चलते उस कर्मचारी को कंपनी से निकाल दिया गया था। इससे पहले भी मैनेजर और डिप्टी मैनेजर को मारने की कोशिश की गई थी। इस मामले में मुकदमा भी चल रहा है।

दोपहर एक बजे के आसपास हुई घटना

गुरुवार दोपहर करीब एक बजे सैजनी गांव का रहने वाला अजय प्रताप सिंह कुछ लोगों के साथ जबरन हिंदुस्तान पेट्रोलियम के बायो गैस प्लांट में घुस आया। बताया जा रहा है कि नौकरी से निकाले जाने को लेकर उसका प्लांट के मैनेजर सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा से पहले से विवाद चल रहा था।

पहले दोनों अधिकारियों से आरोपी ने की बहस

प्लांट परिसर में पहुंचते ही अजय प्रताप सिंह ने दोनों अधिकारियों से बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते माहौल गरमा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर उसने अपने साथ आए लोगों के साथ अचानक फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से दोनों अधिकारी गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने दोनों को तुरंत दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। एहतियात के तौर पर एचपीसीएल प्लांट, दातागंज सीएचसी और जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Updated on:
12 Mar 2026 04:43 pm
Published on:
12 Mar 2026 04:35 pm
Also Read
View All

अगली खबर