
दूल्हे को सांप ने डसा (photo- gemini ai)
Badaun Snake Bite Groom Death: उत्तर प्रदेश के बदायूं से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशियां, ढोल-नगाड़े और मेहमानों की चहल-पहल थी, वहीं रात होते-होते मातम छा गया। नई-नई दुल्हन के ससुराल पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद दूल्हे की सांप के डसने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद दुल्हन की खुशियां पलभर में आंसुओं में बदल गईं।
घटना उघैती थाना क्षेत्र के रियोनाई गांव की है। यहां रहने वाले बबलू मौर्य की शादी गुन्नौर क्षेत्र की रहने वाली रश्मि से हुई थी। गुरुवार को दुल्हन की विदाई के बाद बारात गांव लौटी। पूरे दिन नई बहू के स्वागत की रस्में निभाई गईं और परिवार में जश्न का माहौल रहा। रात में परंपरा के अनुसार नवविवाहित जोड़े के लिए कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाया गया। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह रात परिवार की जिंदगी बदल देगी।
परिजनों के मुताबिक, रात के दौरान किसी जहरीले सांप ने सो रहे बबलू की गर्दन पर डस लिया। सुबह उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो परिवार घबरा गया। आनन-फानन में उसे पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सर्पदंश की आशंका जताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद बबलू को मृत घोषित कर दिया।
दूल्हे की मौत की खबर सुनकर परिवार टूट गया। हालांकि परिजन यह मानने को तैयार नहीं थे कि बबलू अब इस दुनिया में नहीं रहा। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने के बजाय शव को सपेरों और तांत्रिकों के पास ले जाकर झाड़-फूंक कराई। देर शाम तक परिवार को उम्मीद थी कि किसी चमत्कार से उसकी सांसें लौट आएंगी।
जिस दुल्हन ने कुछ घंटे पहले ही नए जीवन की शुरुआत की थी, उसके सामने अचानक सब कुछ बदल गया। शादी की पहली रात ही पति की मौत की खबर ने उसे गहरे सदमे में पहुंचा दिया। घर की महिलाओं की चूड़ियां टूट गईं और खुशियों से भरा आंगन देखते ही देखते मातम में बदल गया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। लोग इस दर्दनाक हादसे को लेकर स्तब्ध हैं। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया की जानकारी जुटाई जा रही है।
Updated on:
25 Jul 2026 08:15 am
Published on:
25 Jul 2026 08:15 am
