बदायूं

बदायूं की रहने वाली 11 साल की बच्ची की संदिग्ध मौत, डॉक्टर के घर ग्रिल से लटका मिला शव… परिजन बोले चेहरा…

बदायूं की रहने वाली 11 साल की मासूम बच्ची का मोहाली में एक डॉक्टर के घर ग्रिल से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने कई गंभीर सवाल उठाए हैं।

2 min read
Apr 19, 2026
सांकेतिक तस्वीर जांच करती पुलिस

उत्तर प्रदेश के बदायूं की रहने वाली 11 साल की बच्ची का पंजाब के मोहाली में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बच्ची का शव डॉक्टर के घर के पीछे बरामदे में ग्रिल से लटका मिला। परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। जबकि पुलिस इसे शुरुआती तौर पर आत्महत्या बता रही है। मामले की सच्चाई अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आएगी।

बदायूं जिले से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला पंजाब के मोहाली से सामने आया है। जहां 11 साल की बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची का शव डॉक्टर के घर के पीछे बने बरामदे में ग्रिल से लटका हुआ मिला है। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, बच्ची का परिवार करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में चंडीगढ़ आया था। बच्ची पिछले दो महीने से सन्नी एन्क्लेव में एक डॉक्टर के घर रहकर काम कर रही थी। उसे हर महीने 5 हजार रुपये दिए जाते थे। परिवार का कहना है कि वह पहले घर आ जाती थी। लेकिन पिछले 15 दिनों से वह वहीं रह रही थी।

परिजन बोले- सीसीटीवी कैमरे की फुटेज उन्हें नहीं दिखाई गई

घटना की जानकारी तब मिली जब 17 अप्रैल को दोपहर में परिवार को फोन कर बच्ची की मौत की सूचना दी गई। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बच्ची का शव ग्रिल से लटका हुआ था। हालत बेहद खराब थी। मृतका की मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की गई है। मां के अनुसार, जिस जगह शव मिला वहां का दरवाजा बाहर से बंद था। जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घर के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी उन्हें नहीं दिखाई जा रही है।

परिजनों का आरोप एक दिन पहले बच्ची ने बताया एक युवक उसे परेशान करता

परिजनों का यह भी कहना है कि बच्ची ने एक दिन पहले फोन पर बताया था कि एक युवक उसे परेशान कर रहा है। और वह काम छोड़ना चाहती है। परिवार को शक है कि उसी युवक का इस घटना से कोई संबंध हो सकता है। जो अक्सर उस घर में आता-जाता था।

तीन डॉक्टरों के पैनल से होगा पोस्टमार्टम

वहीं पुलिस का कहना है कि पहली नजर में मामला आत्महत्या जैसा लग रहा है। लेकिन हर पहलू की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जिसमें तीन डॉक्टरों की टीम जांच करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published on:
19 Apr 2026 10:38 pm
Also Read
View All