
बदायूं। जिले में आंबेडकर की भगवा मूर्ति को नीला करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि अब उनकी प्रतिमा को पिंजड़े में कैद करने का मामला सामने आया है। मूर्ति को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे, इसके लिए कोतवाली पुलिस ने उसके चारों तरफ लोहे की जाली लगवा दी है। साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस की ड्यूटी लगा दी है। मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के गद्दी चौक स्थित पार्क का है।
आंबेडकर जयंती के साथ पुलिस व प्रशासन हुआ सतर्क
जैसे जैसे आंबेडकर जयंती नजदीक आ रही है, पुलिस की चौकसी भी बढ़ती जा रही है। बाबा साहेब की मूर्ति को किसी तरह का नुकसान न पहुंचाया जाए, इसके लिए पुलिस और जिला प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इसी के चलते बदायूं में कोतवाली पुलिस ने बाबा साहेब की मूर्ति को लोहे के जाल से कवर कर दिया। साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस व होमगार्ड की ड्यूटी लगा दी। ताकि 24 घंटे बाबा साहेब की मूर्ति की सुरक्षा का ध्यान रखा जा सके। बताया जा रहा है कि पुलिस ने ये काम आसपास के दुकानदारों से चंदा लेकर करवाया है।
लोग आसपास बांधते हैं पशु
बताया जा रहा है कि पार्क के आसपास लंबे समय से पशु बांधे जा रहे हैं। इसके कारण आसपास गोबर व गंदगी जमा हो जाती है। वहीं लोगों के आवागमन से मूर्ति को खतरा रहता है। इस कारण मूर्ति की सुरक्षा के लिए वहां कोतवाली पुलिस ने होमगार्ड को तैनात किया है। आपको बता दें कि पिछले कुछ दिनों से लगातार आंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने के मामले सामने आ रहे थे। हाल ही बदायूं के दुगरैया गांव में बाबा साहेब की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। जिसके बाद वहां भगवा मूर्ति लगवाई गई। लेकिन लोगों की आपत्ति सामने आने के बाद प्रशासन ने उसे नीले रंग का करवा दिया। 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती है। ऐसे में मूर्ति को लेकर कोई विवाद न हो, इसके लिए जिला प्रशासन और पुलिस अपने अपने स्तर पर प्रयास कर रहे हैं। इसी के चलते शहर कोतवाली क्षेत्र के गद्दी चौक स्थित पार्क में बाबा साहेब की मूर्ति को पिंजड़े में बंद करके सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।