बदायूं

बजट के अभाव में अटका बदायूं मेडिकल कॉलेज का कार्य

2016 के अंत तक पूर्ण होना था लेकिन यह मेडिकल कॉलेज अभी भी बजट के अभाव में पूरा नहीं हो पाया है।
2 min read
• •
Updated: 19 Dec 2017, 9:31 AM IST
Budaun Medical Collage

बदायूं। अखिलेश सरकार के दौरान बदायूं में मेडिकल कॉलेज की नींव रखी गयी थी जिसको 2016 के अंत तक पूर्ण होना था लेकिन यह मेडिकल कालेज अभी भी बजट के अभाव में पूरा नहीं हो पाया है। काम बीच में रुकने की वजह से कॉलेज में आया हुआ लाखों का सामान बर्बाद हो रहा है।


बदायूं में अखिलेश यादव सरकार ने मेडिकल कॉलेज बनवाने की घोषणा की थी जिसका शिलान्यास स्वयं मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव ने साल 2014 में किया था। मेडिकल कॉलेज का कुल बजट 545 करोड़ रुपए था जिसमें से 363 करोड़ रुपए कार्यदायी संस्था को मिल चुके हैं जिससे लगभग 65 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका, लेकिन मई 2016 के बाद से बजट न मिल पाने के कारण मेडिकल कालेज का काम रुका पड़ा है। एमसीआई की टीम 2016 और 2017 में दो बार मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर चुकी है लेकिन मानक पूरे न होने के कारण एमसीआई की मान्यता नहीं मिल पा रही है।


बजट के अभाव में अटका कार्य

वहीं इस मामले में मेडिकल कालेज के प्रिंसिपल एनसी प्रजापति का कहना है कि शासन को कई बार बजट के लिए लिखा जा चुका है लेकिन अभी बजट प्राप्त नहीं हो पाया है लेकिन उम्मीद है कि मार्च 2018 तक कार्य पूर्ण हो जाएगा। मेडिकल कॉलेज में अभी केवल ओपीडी सुविधाएं ही मरीजों को मिल पा रही हैं। सीनियर डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है, उम्मीद है कि बजट मिलते ही जल्द ही कार्य पूरा हो जाएगा और एमसीआई से मान्यता भी मिल जाएगी।


मार्च 2018 तक भी कार्य पूर्ण होने की उम्मीद कम

बदायूं मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल भले ही जल्द ही कार्य पूरा होने का दावा कर रहे हों लेकिन हालात देखकर नहीं लगता कि मार्च 18 तक कार्य पूरा हो पायेगा, तब तक क्षेत्र की जनता को केवल मेडिकल कॉलेज की इमारत देखकर ही संतोष करना होगा। जनता को मेडिकल कॉलेज की सुविधाएं कब मिलना शुरू होंगी इसका जवाब तो केवल सरकार ही दे सकती है।

Published on: