बदायूं

गैंगरेप को जब पुलिस ने बताया प्रेम प्रसंग तो सह न पायी पीड़िता और उठाया ये खौफनाक कदम

20 अगस्त को तमंचे के बल पर घर से अगवा करके ले गए थे दबंग। सरकारी स्कूल में किया था गैंगरेप।
2 min read
• •
Updated: 23 Aug 2018, 4:31 PM IST
suicide
suicide

बदायूं। जिले में एक बड़ी घटना सामने आई है जिसने पुलिस पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यहां नाबालिग किशोरी के साथ पहले गैंगरेप हुआ, जिसे पुलिस ने प्रेम प्रसंग का मामला बताया। न्याय न मिलने से आहत पीड़िता ने सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई थी, वहीं मृतका के परिजन पुलिस की बातों को पूरी तरह गलत बता रहे हैं। मामला मूसाझाग थाना क्षेत्र के एक गांव का है।

ये था मामला
20 अगस्त को गांव के दबंग युवकों ने एक नाबलिग लड़की को जबरन तमंचे की नोक पर घर से अगवा कर लिया और फिर सरकारी स्कूल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके बाद नाबलिग लड़की के परिजनों ने तीन दबंग युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, वहीं पीड़िता का मेडिकल कराया था। पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई थी।

ये कहना है भाई का
इस मामले में पीड़िता के भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है पुलिस कह रही है कि मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है जो कि पूरी तरह गलत है। दरअसल उसकी बहन मां के साथ लेटी हुई थी तभी गांव के दबंग मां को तमंचा दिखाकर बहन को अगवा करके ले गए फिर तमंचे की नोक पर उसके साथ रेप किया। ये बात उसकी बहन ने घर पर बतायी थी। लेकिन न्याय न मिलने पर वो आहत हो गई और उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पीड़िता का भाई अपनी बहन के लिए अब न्याय की मांग कर रहा है।

तथ्यों के आधार पर होगी जांच
इस मामले में एसएसपी अशोक कुमार का कहना है कि 21 अगस्त को रेप का केस लिखाया गया था। इस मामले में एक आरोपी को जेल भी भेजा गया था। पीड़िता का मेडिकल करा दिया था। आज सूचना मिली कि पीड़िता ने सुसाइड कर लिया। अब किशोरी का मेडिकल बोर्ड से पीएम कराया जाएगा, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

Published on: