
बदायूँ। बदायूँ जनपद में 7 नगर पालिका और 13 नगर पंचायतों सहित 328 सभासदों के भाग्य का फैसला होने जा रहा है। मतपेटियां खुलनी शुरू हो गई हैं। इसके साथ ही प्रत्याशियों के दिल की धड़कने तेज होती जा रही हैं।परिणाम कुछ ही देर में घोषित होने वाला है।
छह स्थानों पर मतगणना
जिले में छह स्थानों पर मतगणना हो रही है। ये हैं- बदायूँ, उझानी, बिल्सी, बिसौली, सहसवान, दातागंज। जिले में कुल 4,54,092 मतदाता हैं, जिसमें 2,42,313 पुरुष और 2,11,779 महिला मतदाता हैं। जिले में 22 नवम्बर को वोटिंग हुई थी। पूरे जनपद में काउंटिंग के लिए 126 टेबल लगाई गई हैं। सबसे ज्यादा बदायूं शहर नगर पालिका में मतगणना के लिए 32 टेबल टेबल लगाई गई हैं। सभी स्थानों पर वेबकास्टिंग की जा रही है, ताकि पारदर्शिता रहे।
मतगणनस्थलों के बाहर भीड़
सभी मतगणना स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बिना पास के किसी को भी मतगणना परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। पुलिस और पीएसी के हाथ में सुरक्षा की कमान है। मजिस्ट्रेट लगातार भ्रमण कर रहे हैं। मतगणनास्थलों के बाहर भारी भीड़ जमा है। कुछ लोग तो मालाएं लेकर आए हैं, ताकि अपने चहेते प्रत्याशी का स्वागत कर सकें। वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि विजयी होने के बाद प्रत्याशी सीधे अपने घर जाएगा। कोई नारेबाजी नहीं और कोई जुलूस नहीं। उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
विजय जुलूस पर रोक
जिलाधिकारी का कहना है कि मतगणना के बाद भी सख्ती होगी। जीतने के बाद कोई भी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल पाएगा। जिले में धारा 144 लगी हुई है। इसका उल्लंघन करने पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी, फिर चाहे कोई भी हो। उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन के लिए हर कोई बराबर है। कानून सबके लिए समान है। कोई यह न सोचे कि गड़बड़ी करेगा औऱ बच जाएगा। उन्होंने जनता से कहा है कि मतगणना स्थल के बाहर भीड़ न लगाएं। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतगणना के परिणाम लाइव दिखाने की व्यवस्था की है।