बदायूं

सेक्युलर मोर्चे के मंडल प्रभारी बोले, शिवपाल ही हैं महागठबंधन के जनक, उनके बिना महागठबंधन संभव नहीं

बदायूं में सेक्युलर मोर्चे की पहली कार्यकर्ता मीटिंग का आयोजन किया गया। इस मौके पर बरेली मंडल प्रभारी फरहत हसन ने तमाम मुद्दों पर बात की।
2 min read
• •
Updated: 3 Oct 2018, 11:26 AM IST
secular morcha
secular morcha

बदायूं। जिले में शिवपाल यादव के सेक्युलर मोर्चे की पहली कार्यकर्ता मीटिंग ने सपा के खेमे में खलबली मचा दी है। मीटिंग के जरिए नवनियुक्त बरेली मंडल प्रभारी फरहत हसन खान ने लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति बनानी शुरू कर दी है। मीटिंग के बाद मंडल प्रभारी ने मीडिया से भी बातचीत की। जानिए क्या कहा।

शिवपाल को बताया महागठबंधन का जनक
मंडल प्रभारी फरहत हसन ने महागठबंधन पर बोलते हुए कहा कि महागठबंधन के जनक तो शिवपाल यादव ही हैं। आपको याद होगा कि आज से दो साल पहले शरद यादव, लालू यादव, अजीत सिंह, रामजेठमलानी, अभय चौटाला, देवगौड़ा से लेकर सभी को एक मंच पर लाने वाले शिवपाल यादव ही थे। महागठबंधन के हम जनक हैं। चूंकि हमारा नाम ही समाजवादी सेक्युलर मोर्चा है, ऐसे में हमारे बगैर कोई महागठबंधन नहीं होगा।

विपक्ष पर भी साधा निशाना
उन्होंने कहा एक तरफ वे लोग हैं जो हमेशा मंदिर की बात करते थे, अब वे मस्जिद में जाने लगे और दूसरी तरफ वो लोग हैं, जो कभी मस्जिद की बात करते थे, अब विष्णु मंदिर की बात कर रहे हैं। अब ये आवाम को चुनना होगा कि वो कब तक इन बातों में उलझी रहेगी। वहीं उन्होंने मुलायम सिंह को अपना भीष्म पितामह बताया। इस बीच उन्होंने लोगों से शिवपाल यादव को सपोर्ट करने की अपील भी की।

गांव से जुड़ी है शिवपाल सिंह की विचारधारा
फरहत हसन ने बताया कि शिवपाल सिंह यादव की विचारधारा खेत, किसान और गांव से जुड़ी हुई है। लिहाजा हमारे जो भी कार्यक्रम बनेंगे, वो गांव से जुड़कर शहर की ओर आएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा पहला जिला और मंडलीय कार्यालय कानपुर में खुल गया है। अगर हम चाहते तो प्रदेश कार्यालय भी खोल सकते हैं, लेकिन हम अपनी आवाम को ये विश्वास दिलाना चाहते हैं कि हम लोग आपके बीच में रहेंगे। वहीं 2019 में लोकसभा चुनाव प्रत्याशी को लेकर जब उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि जो भी जिले से प्रत्याशी होगा, वो आपका जानकार होगा और आप ही लोगों में से होगा। आप उससे पहले भी लाभांवित हो चुके हैं और फिर दोबारा लाभांवित होंगे।

Published on: