बदायूं

सपा-बसपा गठबंधन पर यूपी सरकार के मंत्री बोले, न खंजर उठेगा और न शमशेर इनसे, ये बाजू मेरे आजमाए हुए हैं…

यूपी के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने बदायूं में सपा-बसपा गठबंधन को लेकर मीडिया से बात की।

2 min read
Apr 09, 2018
UP Minister

बदायूं। एक शायर ने कहा था कि न खंजर उठेगा और न शमशेर इनसे, ये बाजू मेरे आजमाए हुए हैं। ये बात यूपी सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने सपा-बसपा गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कही। वहीं उन्होंने इस बीच गोरखपुर और फूलपुर उपचुनाव अति आत्मविश्वास के चलते हारने की बात कही। नगर विकास मंत्री बदायूं के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सत्यवती देवी मैमोरियल इंटर कॉलेज ढिलवारी, दातागंज आए हुए थे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2186 लाभार्थियों को प्रमाणपत्र दिए।

ये बोले मंत्री
सपा बसपा गठबंधन को लेकर मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि पहले भी ऐसा हो चुका है। दोनों हमारे आजमाए हुए हैं। जब सपा और बसपा की अपनी अपनी सरकारें बनीं तो दोनों ने एक दूसरे की पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जमकर ज्यादती की और कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि उपर के नेताओं के तालमेल से नीचे का कैडर भी एक होगा, ये जरूरी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन से बीजेपी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि गोरखपुर और फूलपुर चुनाव कोई जनमत संग्रह नहीं था कि उसको आधार बनाकर देखा जाए। जब जनरल इलेक्शन हुआ था तब हम 80 में से 73 सीटें जीते थे, सात हारे थे तब तो किसी ने कुछ नहीं कहा। उन्होंने फिर दोहराया कि इनके गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हमारे पास सारे विकल्प मौजूद हैं।

वहीं उन्होंने इस बीच लोगों को जानकारी देते हुए बताया कि जिनके पास अपना मकान नहीं है और जिनकी वार्षिक आमदनी तीन लाख रुपए या उससे कम है, उन्हें सरकार ढाई लाख की सहयोग राशि देकर मकान बनवाएगी। उन्होंने बताया कि बदायूं जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 6720 लोगों के मकान स्वीकृत हुए हैं जिनमें से 2186 दातागंज विधानसभा क्षेत्र के हैं, जिनको आज प्रमाणपत्र वितरित किए गए हैं। इस बीच मंत्री सुरेश खन्ना ने 14 करोड़ से ज्यादा की 163 योजनाओं का लोकार्पण किया।

Published on:
09 Apr 2018 01:03 pm
Also Read
View All