बदायूं

बदायूं में गैंगरेप की वारदात, सरसों के खेत में नग्न अवस्था में बेहोश मिली महिला

पीड़ित महिला की हालत नाजुक है। उसे बरेली रेफर किया गया है। परिजनों ने इस मामले में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
2 min read
• •
Updated: 19 Jan 2018, 8:23 PM IST
Feature image

बदायूं। जिले में एक महिला से गैंगरेप का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला सरसों के खेत में बेहोशी की हालत में मिली। परिवारवालों का आरोप है कि उन्होंने तुरंत 100 डायल से लेकर थाने तक फोन किया, लेकिन पुलिस मौके नहीं पहुंची। इतना ही नहीं एम्बुलेंस भी मौके पर नहीं पहुंची तो परिजन पीड़ित महिला को खुद ही दूसरी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लेकर आए। जहां डॉक्टर्स ने भी पुलिस केस बताकर महिला का इलाज करने में आनाकानी की। काफी देर बाद उसका इलाज शुरू किया।


सरसों के खेत में बेहोश मिली महिला
पीड़ित महिला कोतवाली उझानी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार सुबह को महिला शौच के लिए खेत पर गई थी। सुबह कोहरा घना था। उसी का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने महिला को पकड़ लिया और सरसों के खेत में खींचकर ले गए। जहां उन लोगों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। जब महिला बेहोश हो गई तो उसे नग्न अवस्था में छोड़कर भाग गए। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहले उझानी कोतवाली पुलिस को सूचना दी और फिर 100 डायल पर भी फोन मिलाया, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।


परिजन खुद जिला अस्पताल लेकर पहुंचे
परिजनों का आरोप है कि 108 एम्बुलेंस भी पीड़िता को लेने नहीं पहुंची। वे खुद महिला को दूसरी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल लेकर आ गए। लेकिन यहां डॉक्टर ने पुलिस केस बताकर इलाज़ करने से मना कर दिया। इसको लेकर काफी देर तक नोकझोंक होती रही। हालांकि बाद में डॉक्टर्स ने प्राथमिक उपचार कर पीड़ित महिला का बरेली रेफर कर दिया है।


सीओ बोले- जांच कराई जाएगी
इस संबंध में जब सीओ उझानी भूषण वर्मा से फोन पर बात की गई तो उन्होंने बताया कि महिला से गैंगरेप का मामला उनकी जानकारी में आया है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराकर जांच कराई जाएगी।

Published on: