उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक सत्संग भवन के सेवादार ने दो छात्राओं से साथ दुष्कर्म किया। 65 साल का सेवादार लंबे समय से बच्चियों के साथ गलत काम कर रहा था। एक दिन जब बच्चियों के पेट में दर्द हुआ तो पूरा मामला सामने आया।
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बुलंदशहर में थाना स्याना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव स्थित सत्संग भवन के सेवादार ने गांव की दो नाबालिग छात्राओं को अपनी हवस का शिकार बना लिया। पिछले 8 महीने से सेवादार ये काम कर रहा था। 65 साल का बुजुर्ग सेवादार लड़कियों को प्रसाद के नाम पर नशीली गोलियां देता था, जिसके बाद वह बेहोश हो जाती थीं। बाद में सेवादार उनके साथ गंदा काम करता था।
परिजनों के मुताबिक दोनों बच्चियां पढ़ाई के बाद खेलने के लिए सत्संग भवन में जाती थीं। आश्रम का सेवादार 8 महीने तक बच्ची को अपना शिकार बनाता रहा। एक दिन जब बच्ची के पेट में दर्द हुआ तब परिजनों ने नगर के एक निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर उसका इलाज करवाया, जहां छात्रा के चार माह के गर्भवती होने का खुलासा हुआ। इसके बाद बच्चियों ने पूरी घटना के बारे में अपने घरवालों को बता दिया।
पुलिस ने बताया कि बुजुर्ग होने के कारण उसपर कोई शक नहीं करता था। लोगों के साथ उसका व्यवहार इतना अच्छा था कि कोई ये बात सोच भी नहीं सकता था कि वह ऐसी हरकतें भी कर सकता है। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि एक आश्रम की सेवादार ने दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। फिलहाल परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज करते हुए आरोपी सेवादार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लंबे समय से बच्चियों के साथ दुष्कर्म कर रहा था। एक बच्ची चार माह की गर्भवती बताई जा रही है।