बुलंदशहर

Viral video: देश के लिए लड़ने वाला अपनों के बीच हार गया! बुलंदशहर में शराबियों के तांडव का शिकार हुए IAF प्रथम

Viral video: बुलंदशहर में शादी की बारात में शराब पीकर हुड़दंग कर रहे लोगों को टोकने पर एयरफोर्स ऑफिसर प्रथम और उनके पिता पर भीड़ ने हमला कर दिया।
2 min read
IAF officer
प्रतीकात्मक तस्वीर- एआइ

Viral video: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के अमरगढ़ गांव में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक जवान और उनके पिता पर भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। वायुसेना अधिकारी का कसूर सिर्फ इतना था कि उन्होंने बीच सड़क पर शराब पीकर हुड़दंग और अफरा-तफरी मचा रहे बारातियों को टोक दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी गुस्सा है।

सड़क पर शराब और हुड़दंग

जानकारी के अनुसार भारतीय वायुसेना के अधिकारी प्रथम सिंह और उनके पिता 19 फरवरी को अपने गांव अमरगढ़ में थे। इसी दौरान वहां से एक शादी की बारात गुजर रही थी। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ लोग अत्यधिक नशे में थे और बीच सड़क पर शराब पीकर अराजकता फैला रहे थे। इससे न केवल रास्ता बाधित हो रहा था बल्कि वहां से गुजरने वाले आम नागरिकों की सुरक्षा को भी खतरा था। जब वर्दी में मौजूद वायुसेना अधिकारी ने इस पर आपत्ति जताई और उन्हें शांत रहने को कहा तो भीड़ उग्र हो गई।

पिता को भी नहीं बख्शा

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि नशे में धुत बारातियों की भीड़ ने वायुसेना अधिकारी को घेर लिया। भीड़ ने उन पर लात-घूंसों की बौछार कर दी। बीच-बचाव करने आए अधिकारी के पिता को भी भीड़ ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई। एफआईआर के मुताबिक विवाद तब और बढ़ गया जब आरोपी पक्ष ने घोड़े वाली बारात के पास हॉर्न बजाने पर आपत्ति जताई। शिकायत में कहा गया है कि हमलावरों ने एक राय होकर इस हमले को अंजाम दिया।

जनता का आक्रोश

घटना के बाद घायल अधिकारी के पिता ने जहांगीराबाद थाने में तहरीर दी। जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। लोगों का कहना है कि अगर देश की रक्षा करने वाले वर्दीधारी जवान ही अपने घर में सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी का क्या होगा।

Updated on:
23 Feb 2026 03:05 pm
Published on:
23 Feb 2026 03:05 pm