
Bulandshahr Crime:उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के शिकारपुर क्षेत्र के रानाइच गांव में गुरुवार सुबह किसान लालाराम की हत्या का मामला सामने आया। 40 वर्षीय लालाराम का शव घर के पास गली में क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। उसके सिर पर धारदार हथियार से वार के निशान थे, जबकि दायां पैर धड़ से अलग मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हत्या की वजह और आरोपितों की पहचान की जांच शुरू कर दी है।
रानाइच निवासी लालाराम पुत्र मानिक चंद खेती करते थे। ग्रामीणों के मुताबिक उनके पास करीब 20 बीघा जमीन थी, जिसमें से कुछ जमीन वह बेच चुके थे। बुधवार रात वह पत्नी और बच्चों के साथ घर में सोए थे। गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे घर के पास गली में उनका शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। शव के पास एक पैर कटा हुआ मिला, जबकि सिर पर भी धारदार हथियार से वार के निशान बताए गए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। मौके से फिंगर प्रिंट्स समेत दूसरे जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। सूचना मिलने के बाद एसएसपी दिनेश कुमार सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
लालाराम की हत्या किस वजह से की गई इसको लेकर पुलिस परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुरानी रंजिश और लेनदेन समेत अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि लालाराम बुधवार की रात पत्नी व बच्चों के साथ ही मकान में सोए थे। गुरुवार की सुबह उनका शव बाहर मिला है। संभावना है कि हत्यारोपित ने उन्हें घर के बाहर बुलाया और हत्या कर शव को वहां फेंक दिया। परिवार में लालाराम की पत्नी और दो बेटे हैं। बड़े बेटे की शादी हो चुकी है। ग्रामीणों के मुताबिक लालाराम के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
शिकारपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि मृतक के पुत्र मोहित ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और हत्या के कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए टीमों के गठन की बात कही है।