बुलंदशहर

टॉफी चुराने के शक में बेटी की पीट-पीट कर हत्या! बुलंदशहर में पिता की बेरहमी, पत्नी को भी पीटा

यूपी के बुलंदशहर में टॉफी चोरी के शक में पिता का बेरहम चेहरा सामने आया है। बुलंदशहर में 12 साल की बेटी को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। बचाने आई मां को घायल कर दिया। उसके बाद आरोपी घर बंद कर फरार हो गया।
2 min read
जांच करती पुलिस सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI
जांच करती पुलिस सांकेतिक तस्वीर फोटो जेनरेट AI

बुलंदशहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक पिता ने टॉफी चोरी के शक में अपनी 12 साल की बेटी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बेटी को बचाने आई पत्नी को भी उसने नहीं छोड़ा। वारदात के बाद आरोपी घर बंद कर फरार हो गया।

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। मामला नरौरा थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव का है। जहां एक पिता ने मामूली बात पर अपनी ही बेटी की जान ले ली। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को गांव के एक दुकानदार ने पुष्पेंद्र नाम के व्यक्ति से शिकायत की कि उसकी 12 वर्षीय बेटी पूजा दुकान से टॉफी का डिब्बा उठा लाई है। इस बात से गुस्साए पिता ने घर पहुंचते ही बच्ची की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। उसने डंडे से इतनी जोर-जोर से मारा कि मासूम पूजा गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

मां बचाने पहुंची तो उसे भी पीट कर किया घायल

इस दौरान जब बच्ची की मां आरती उसे बचाने के लिए आगे आई। तो आरोपी ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया। इतना ही नहीं, उसने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और पत्नी को चुप रहने की धमकी दी। ताकि घटना की भनक किसी को न लगे। शाम के समय आरोपी घर को बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद घायल मां ने किसी तरह शोर मचाया। ग्रामीणों ने पहुंचकर दरवाजा खोला, तब जाकर पूरे गांव को इस दर्दनाक घटना की जानकारी हुई।

पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शुरू की जांच

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की है। थाना प्रभारी के अनुसार, मृतका की मां की शिकायत पर आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
27 Mar 2026 09:07 pm