
बुलंदशहर। जनपद में एक बार फिर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें शातिर बदमाश पवन गुर्जर पुलिस की गोली का शिकार हुआ। घायल बदमाश हरियाणा (Haryana) से बुलंदशहर (Bulandshahr) अपने साथी के साथ वारदात को अंजाम देने आया था। पुलिस ने रविवार रात को मुखबिर की सूचना पर बदमाश को कोतवाली देहात क्षेत्र में घेर लिया। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया।
कई मामलों में वांछित है बदमाश
बदमाश पवन गुर्जर के पास से पुलिस ने एक तमंचा, बाइक और कई कारतूस बरामद किए हैं। बदमाश हरियाणा में हुई एक हत्या के मामले में पैरोल पर चल रहा था। उस पर यूपी (UP), राजस्थान (Rajasthan) और हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं। एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि रविवार देर रात को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसमें एक बदमाश को गोली लगी है जबकि एक फरार हो गया है। पकड़ा गया आरोपी राजस्थान, दिल्ली और यूपी में हत्या के कई मामलों में वांछित है। पवन गुर्जर राजस्थान के अलवर (Alwar) का रहने वाला है। उसने एक दिन पहले ही अलीगढ़ के खैर कस्बे में एक प्रधान की गोली मारकर हत्या कर दी थी।