यूपी पुलिस के एक कांस्टेबल ने भगवान भाेलेनाथ के नाम पर छुट्टी के लिए लिखी अनोखी एप्लीकेशन
बुलंदशहर. भगवान भाेलेनाथ के नाम पर छुट्टी के लिए अनोखी एप्लीकेशन लिखने वाले उत्तर प्रदेश पुलिस के कांस्टेबल को छुट्टी दे दी गई। फिलहाल वह भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार गया हुआ है। एसपी सिटी बुलंदशहर डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने इसकी पुष्टि की है। बता दें कि पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही ने कांवड़ यात्रा पर जाने के लिए छुट्टी की एप्लीकेशन में लिखा था कि भगवान भाेलेनाथ खुद चाहते हैं कि वह कावड़ लेकर आए। इसलिए उसे छह दिन का अवकाश प्रदान किया जाए। अपनी एप्लीकेशन में सिपाही ने लिखा था कि बार-बार देवाें के देव महादेव का कमंडल आैर शिवलिंग पर नाग देवता सपने में दिखाई देते हैं आैर कांवड़ लाने के लिए कहते हैं। इसलिए उसे कांवड़ लाने के लिए अवकाश चाहिए। सिपाही ने यह एप्लीकेशन अपने सीआे के लिए लिखी थी। इसके बाद उस सिपाही को 6 दिन का अवकाश दे दिया गया। बता दें कि छुट्टी की यह एप्लीकेशन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई।
दरअसल, यह पूरा मामला बुलंदशहर का है। बुलंदशहर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही विनाेद कुमार ने स्याना पुलिस क्षेत्राधिकारी काे छुट्टी की एप्लीकेशन भेजकर कांवड़ लाने के लिए छुट्टी मांगी थी। इसके बाद से छुट्टी की यह अनोखी एप्लीकेशन साेशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। इस एप्लीकेशन पर जमकर लाइक आैर शेयर के साथ कमेंट भी खूब आ रहे हैं। कुछ लाेग इसे छुट्टी लेने का तरीका बता रहे हैं ताे कुछ लाेग भाेलेनाथ के नाम पर शेयर करने की बात कर रहे हैं। वहीं कुछ लाेगाें के लिए यह एप्लीकेशन अब हंसी-ठिठाैली का जरिया बन गई है आैर साेशल मीडिया पर इसे शेयर कर हंसी ठिठाैली की जा रही है। यहां बता दें कि सिपाही विनोद कुमार की इस एप्लीकेशन को मंजूर करते हुए एसपी प्रमोद कुमार ने 6 दिन की छुट्टी दे दी है। एसपी सिटी बुलंदशहर डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि फिलहाल सिपाही कांवड़ यात्रा पर है।
ये लिखा था एप्लीकेशन में
साेशल मीडिया पर वायरल हुई छुट्टी वाली एप्लीकेशन में कांस्टेबल विनाेद कुमार ने लिखा था कि मेरे सपने में भगवान भाेलेनाथ के कमंडल में जल आैर भगवान भाेलेनाथ के शिवलिंग पर विराजमान नाग देवता दिखाई देते हैं। लगता है कि भगवान भाेलेनाथ हरिद्वार बुलाने आैर हरिद्वार से कांवड़ लाने का इशारा कर रहे हैं। अतः महाेदय से निवेदन है कि मुझे हरिद्वार और ऋषिकेश में भगवान भाेले के दर्शन करने आैर कांवड़ लाने के लिए पांच अगस्त से छह दिवस का अवकाश प्रदान करें।