बूंदी

Bundi News: 4 महीने की बच्ची की मां की मौत, पैर फिसलने से कुएं में गिरी विवाहिता

Rajasthan News: बूंदी में खेत पर काम करने गई 25 साल की शीला देवी की कुएं में गिरने से मौत हो गई।हादसे में 4 माह की बेटी और 5 साल के बेटे के सिर से मां का साया उठ गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 11, 2026
Bundi Woman Died In Well
कुंए में डूबने से मरी विवाहिता शीला देवी की फाइल फोटो: पत्रिका

Married Woman Died In Bundi: बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के भट्ट की पाटिया गांव में एक हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। खेत पर काम करने गई 25 साल की विवाहिता शीला देवी की कुएं में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद उसके 5 साल के बेटे की मासूम पुकार ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। बच्चा बार-बार अपने पिता से पूछता रहा, 'मम्मा कब आएगी, बहन रो रही है।'

कुएं में गिरने से हुई मौत

जानकारी के अनुसार शीला देवी अपने परिवार के साथ बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के भट्ट की पाटिया गांव में रहती थी। घटना के समय वह अपनी चाची सास के साथ खेत में शकरकंद की बेल लगाने का काम कर रही थी। दोपहर के समय वह पानी लेने के लिए कुएं पर गई थी। इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।

कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। नैनवां थाने से एएसआई देवलाल पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से विवाहिता को कुएं से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति कन्हैयालाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पत्नी खेत में काम कर रही थी। पानी लेने के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई। पुलिस ने पति की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच करेगी पुलिस

एएसआई देवलाल ने बताया कि मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं विवाहिता की शादी को सात वर्ष से कम समय होने के कारण मामले की जांच उपखंड अधिकारी की ओर से की जाएगी। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक डॉ. सुरेशकुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत पानी में डूबने से होना सामने आया है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि के लिए विसरा जांच के लिए सुरक्षित रखा है। शीला देवी की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी 4 महीने की बेटी और 5 साल के बेटे के सिर से मां का साया उठ गया। मासूम बच्चे मां के लौटने का इंतजार कर रहे हैं।

Updated on:
11 Jul 2026 09:34 am
Published on:
11 Jul 2026 07:52 am