बूंदी

Bundi: एक ही चिता पर हुआ 3 मासूम भाई-बहन का अंतिम संस्कार, स्नेह भोज में लेकर जा रहे थे पिता

Rajasthan Road Accident Death: बूंदी में दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। स्नेह भोज में जा रहे तीन मासूम भाई-बहनों की तेज रफ्तार ट्रेलर की टक्कर से मौत हो गई।
2 min read
Feb 13, 2026
Road Accident
फोटो: पत्रिका

3 Siblings Cremated Together: बूंदी के डाबी थाना क्षेत्र के पराणा के पास बुधवार देर शाम को एनएच 27 के लिंक रोड पर अनियंत्रित ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार अंकित बंजारा (8), सुमन बंजारा (6), और करण बंजारा (13) की मौके पर ही मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह डाबी थाना पुलिस ने बच्चों के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सुपुर्द कर दिया।

शवो के घर पहुंचते ही परिजन फूट-फूटकर रो पड़े। जैसे ही शवों को अंतिम विदाई दी गई पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। गांव के पास ही स्थित मुक्तिधाम में गमगीन माहौल में तीनों भाई-बहनों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गौरलतब है कि बंजारों का पराणा निवासी मदन बंजारा अपने पुत्र अंकित बंजारा (8) व पुत्री सुमन बंजारा (6) एवं करण बंजारा (13) पुत्र बहादुर बंजारा को लेकर देर शाम को डाबी में स्नेह भोज में जा रहे थे।

गोपाल गौशाला से आगे निकलने के बाद पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल ट्रेलर की चपेट में आ गई, जिससे तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। मदन गंभीर रूप से घायल हो गया।

गुस्साए लोगों ने किया हाइवे जाम

हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और बंजारा समाज के लोग मौके पर पहुंचे। महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल था। आक्रोशित लोगों ने कुछ समय के लिए हाइवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और ट्रेलर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

सहपाठियों ने दी श्रद्धांजलि

मदन बंजारा का पुत्र अंकित तीसरी कक्षा में व पुत्री सुमन दूसरी कक्षा में निजी विद्यालय में पढाई कर रहे थे। मदन के बड़े भाई बहादुर बंजारा का पुत्र करण सरकारी विद्यालय की 8वीं कक्षा में पढ़ाई करता था।

मृतक अंकित व सुमन को स्कूल के सहपाठियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। डाबी के बालाजी चौक में स्थित निजी विद्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में विद्यालय के बच्चों ने मृतक अंकित व सुमन छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

Updated on:
13 Feb 2026 10:56 am
Published on:
13 Feb 2026 10:55 am