बूंदी

और जब शहर की ओर आया बाघ…

दो दिन से रामगढ़ रेंज में मौजूदगी
less than 1 minute read
• •
Updated: 11 Jan 2022, 5:06 PM IST
और जब शहर की ओर आया बाघ...
और जब शहर की ओर आया बाघ...

बूंदी. करीब डेढ़ साल से रामगढ़ विषधारी अभयारण्य को आशियाना बनाने वाला बाघ टी 115 गत दो दिनों से बूंदी के टाइगर हिल पर ‘गश्त’ कर रहा है। बाघ का लगातार मूवमेंट बना हुआ है। इसके चलते वन विभाग भी नियमित ट्रेकिंग कर बाघ की मॉनिटरिंग में जुटे हुए हैं। सोमवार को उपवन संरक्षक आलोकनाथ गुप्ता ने भी ट्रेकिंग कर बाघ की मौजूदगी के निशान देखे।
जानकारी के अनुसार बाघ टी 115 का जैतपुर रेंज से रामगढ़ रेंज में लगातार मूवमेंट बना हुआ है। कुछ दिनों पहले तक जैतपुर रेंज में मौजूदगी के बाद अब दो दिनों से रामगढ़ रेंज में बाघ का मूवमेंट बना हुआ है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि बाघ का यह सामान्य स्वभाव होता है। वह अपनी टेरेटरी का लगातार निरीक्षण करता है। इधर, विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आसपास के लोगों को सावचेत रहने के निर्देश भी दिए हैं। हालांकि बाघ का इस ओर विचरण पहले भी कई बार हो चुका है।
गौरतलब है कि बाघ रामगढ़ विषधारी में करीब डेढ़ साल से विचरण कर रहा है। बाघ की उम्र करीब पांच साल के करीब है। वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि बाघिन के अभाव में भी बाघ की गतिविधियां अब तेज होने लगी है। ऐसे में इसकी नियमित मॉनिटरिंग की सख्त आवश्यकता है।
टी 62 का बताते है शावक
बाघ टी 115 को बाघ टी 62 का शावक बताया जाता है। बाघ टी 62 भी रामगढ़ विषधारी अभयारण्य में करीब दो साल बीता चुका है। वर्ष 2013 में टी 62 रामगढ़ आया था, लेकिन बाघिन की कमी के चलते वह वापस रणथम्भौर चला गया था। अब अपने पूर्वज की तरह ही बाघ टी 115 यहां विचरण कर रहा है।

Published on: