
बूंदी। नैनवां पंचायत समिति प्रधान के चुनाव के दौरान शुक्रवार सुबह उस समय माहौल गरमा गया, जब कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम मीणा का नामांकन दाखिल कराने जा रहे विधायक अशोक चांदना की गाड़ी को पुलिस ने बेरिकेट्स पर रोक दिया। इस बात को लेकर विधायक और ड्यूटी पर तैनात करवर सीआई सहदेवसिंह मीणा के बीच तीखी बहस हो गई। कुछ देर तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। बाद में विधायक और उनके साथ आए कार्यकर्ताओं ने बेरिकेट्स हटाए और गाड़ी निकालकर पंचायत समिति कार्यालय की ओर ले गए। घटना के बाद मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। करवर सीआई सहदेवसिंह मीणा ने विधायक अशोक चांदना सहित उनके साथ आए लोगों पर अभद्रता करने और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए नैनवां थाने में रिपोर्ट दी।
सुबह करीब दस बजे विधायक अशोक चांदना अपनी गाड़ी में कांग्रेस के प्रधान प्रत्याशी राजाराम मीणा को नामांकन दाखिल कराने पंचायत समिति कार्यालय ले जा रहे थे। पुलिस ने पंचायत समिति कार्यालय के बाहर बूंदी रोड पर बेरिकेट्स लगा रखे थे और वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर रखा था। इसी दौरान विधायक की गाड़ी बेरिकेट्स पर पहुंची तो ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोक दिया। इस पर विधायक और करवर थानाधिकारी सहदेवसिंह मीणा के बीच बहस शुरू हो गई। विधायक ने थानाधिकारी से कहा रोकने का आदेश बताइये? तू कौन है? कानून से ऊपर है क्या? इस पर सहदेव मीणा ने कहा कि CI हूं मैं, आपसे डरने वाला नहीं हूं। नौकरी छोड़ दूंगा एक मिनट में, चल जाऊंगा। इसके बाद मौके पर मौजूद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने हस्तक्षेप कर विधायक को शांत कराया। विधायक व उनके समर्थकों ने बेरिकेट्स हटाकर गाड़ी आगे निकाल ली।
करवर थानाधिकारी सहदेवसिंह मीणा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार को नैनवां पंचायत समिति प्रधान चुनाव के दौरान उनकी ड्यूटी बूंदी रोड पर बेरिकेट्स पर लगी हुई थी। पुलिस की ओर से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया हुआ था। इसी दौरान विधायक अशोक चांदना गाड़ी लेकर पहुंचे। गाड़ी रोकने पर विधायक ने उनके साथ अभद्रता की तथा विधायक और उनके समर्थक जबरन बेरिकेट्स हटाकर गाड़ी निकाल ले गए। इससे राजकार्य में बाधा पहुंची।
नैनवां थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि करवर सीआई की रिपोर्ट पर विधायक अशोक चांदना, हंसराज गुर्जर, सद्दाम हुसैन, तुलसीराम, आशुतोष नागर, शाहिद खान, बलराम उर्फ बाबा सहित अन्य के खिलाफ राजकार्य में बाधा और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।