बूंदी

Bundi : गांवों में खुलेंगे ‘अटल ज्ञान केंद्र’, एक ही छत के नीचे मिलेगी सुविधाएं

सरकार ने गांवों के युवाओं को डिजिटल युग से जोडऩे व आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश की 3 हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में ’अटल ज्ञान केंद्र’ स्थापित करेगी।

2 min read
Feb 15, 2026
बंूदी. जिला परिषद कार्यालय

बूंदी. सरकार ने गांवों के युवाओं को डिजिटल युग से जोडऩे व आत्मनिर्भर बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश की 3 हजार से अधिक आबादी वाली ग्राम पंचायतों में ’अटल ज्ञान केंद्र’ स्थापित करेगी। इन केंद्रों का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को डिजिटल शिक्षा, ई-लाइब्रेरी, और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाएं प्रदान करना है। प्रत्येक केंद्र के लिए 12.50 लाख रुपए का बजट अनुमानित है और संचालन के लिए प्रशिक्षित अटल प्रेरक नियुक्त किए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए अच्छी पहल है। अब उन्हें दूर-दराज या जिला मुख्यालयों पर लाईब्रेरी अध्ययन के लिए नहीं आना पड़ेगा। प्रथम फेज के प्रयास सफल हुए तो इसके बाद चरणबद्ध तरीके से अन्य पंचायतों में भी इसका विस्तार किया जाएगा।

भारत निर्माण सेवा केंद्र में होंगे संचालित
इस योजना के तहत ई-पुस्तकों के साथ-साथ विभिन्न भाषाओं के पत्र-पत्रिकाओं और इंटरनेट की सुविधा भी यहां उपलब्ध रहेगी। ई-लाइब्रेरी को पंचायत मुख्यालयों में ही भारत निर्माण सेवा केंद्र के कक्ष में संचालित किया जाएगा। इस योजना में बूंदी जिले की 32 ग्राम पंचायत शामिल है। इसमें तालेड़ा ब्लॉक की पंचायतों में कार्य शुरू हो गया है और इसके वर्कऑर्डर जारी कर दिए गए है।

ऐेसे होगा अटल प्रेरकों का चयन
अटल ज्ञान केंद्रों में अटल प्रेरकों का चयन किया जाएगा। आमजन के लिए आकर्षक एवं उपयोगी बनाने के लिए अटल प्रेरकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। बकायादा इन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि वे आमजन को स्वरूचि के साथ सीखने के लिए प्रेरित कर सकें। प्रत्येक अटल ज्ञान केंद्र पर अटल प्रेरकों की नियुक्ति की जाएगी।

4 वर्क स्टेशन होंगे स्थापित
ई-लाइब्रेरी में एक समय पर 20 अभ्यर्थी पढ़ाई कर सकेंगे, जिसमें कम से कम 4 वर्क स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। कम्प्यूटर और फर्नीचर की व्यवस्था भी होगी, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में कोई कठिनाई नहीं हो। यह लाइब्रेरी केवल परीक्षा की तैयारी के लिए ही नहीं बल्कि ग्रामीणों को अपनी रुचि के अनुसार कुछ नया सीखने के लिए भी एक गतिविधि केंद्र के रूप में कार्य करेगी।

यह मिलेगी सुविधाएं
अटल ज्ञान केंद्रों में 36 320 फीट का हॉल, मॉडर्न कंप्यूटर लैब, हाई-स्पीड इंटरनेट और ई-लाइब्रेरी उपलब्ध होगी।
एक केंद्र के निर्माण पर 8 लाख, फर्नीचर-वायङ्क्षरग पर 2.45 लाख, और कंप्यूटर आदि के लिए 2 लाख रुपये खर्च होंगे।
केंद्र के प्रबंधन और युवाओं के < मार्गदर्शन के लिए एक स्थानीय ’अटल प्रेरक’ को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
युवा ई-बुक्स, प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी की पुस्तकें और समाचार-पत्रों का लाभ उठा सकेंगे।
ग्रामीण और शहरी ज्ञान के अंतर को कम करना है।

तालेड़ा ब्लॉक में वर्क ऑर्डर जारी
प्रथम चरण में जिले की 32 ग्राम पंचायतों में अटल ज्ञान केंद्र’ स्थापित किए जाएंगे। जिसके तहत तालेड़ा ब्लॉक के पंचायतों में वर्कऑर्डर जारी कर दिए गए है। केंद्र स्थापित होने से ग्रामीण अंचल के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षा के साथ आमजन को ई-लाइब्रेरी की सुविधा का लाभ मिलेगा। प्रत्येक केंद्र के लिए 12.50 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।
रवि वर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी,बूंदी

Updated on:
15 Feb 2026 11:48 am
Published on:
15 Feb 2026 11:47 am
Also Read
View All

अगली खबर