नैनवां से बूंदी वाया धनाव-बांसी-दुगारी मार्ग पर अटके पड़े 6 किमी के कार्य को पूरा कराने के लिए आने वाले खर्चे का वास्तविक तकमीना (स्टीमेट) तैयार किया जा रहा है।
नैनवां. नैनवां से बूंदी वाया धनाव-बांसी-दुगारी मार्ग पर अटके पड़े 6 किमी के कार्य को पूरा कराने के लिए आने वाले खर्चे का वास्तविक तकमीना (स्टीमेट) तैयार किया जा रहा है। वास्तविक तकमीने (स्टीमेट) के आधार पर राशि स्वीकृति के बाद ही 6 किमी सड़क का कार्य शुरू हो पाएगा। वन विभाग की वजह से अटके पड़े 6 किमी सड़क के कार्य के निर्माण में आ रही बाधा दूर करते हुए राज्य सरकार ने वन विभाग द्वारा मांगी गई राशि स्वीकृत तो कर दी है, लेकिन सड़क निर्माण के लिए वास्तविक खर्चे का तकमीना दोबारा तैयार करवाया जा रहा है। राज्य सरकार ने वन विभाग को देने के लिए दिसम्बर माह में 10 करोड़ 16 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जा चुकी है।
46 किमी सड़क में से 40 किमी सड़क की चौड़ाई का कार्य तो पूरा हो गया था। सड़क का 6 किमी हिस्सा वन विभाग की सीमा में आने से इस हिस्से का कार्य दो वर्ष से अटका पड़ा है। सड़क निर्माण में आ रही भूमि के बदले जिला कलक्टर ने वन विभाग को दूसरी भूमि आवंटित भी कर दी। उसके बाद वन विभाग ने सशर्त सड़क निर्माण की सैद्धान्तिक स्वीकृति दे दी थी। राशि स्वीकृत नहीं होने से इस 6 किमी हिस्से पर सड़क निर्माण भी अटका पड़ा था, जिससे नैनवां व हिण्डोली तहसील के 50 गांव नैनवां उपखण्ड मुख्यालय तक आने की सड़क सुविधा से वंचित हो रहे है।
नैनवां से बूंदी वाया धनाव-बांसी-दुगारी रोड को एमडीआर (डिस्ट्रिक मेजर रोड) का दर्जा मिलने के बाद 46 किमी सड़क को सात मीटर चौड़ाई की सड़क निर्माण के लिए वर्ष 2020-21 में राज्य सरकार ने 54 करोड़ रुपए की राशि सार्वजनिक निर्माण विभाग को आवंटित की थी। राशि स्वीकृत होने के निर्माण विभाग ने 40 किमी सड़क का निर्माण तो करा दिया लेकिन नैनवां से मानपुरा व बांसी से सांवतगढ़ के बीच के सडक़ के तीन-तीन किमी के हिस्से अधूरे ही पड़े है।
इन गांवों को मिलेगा लाभ
नैनवां उपखण्ड के मानपुरा, लक्ष्मीपुरा, पाई, मैंणा, दुगारी, रघुनाथपुरा, बांसी, खान की झोपडिय़ा, दौलतपुरा, कुम्हारिया रामगंज, मरा, मंडली, कल्याणपुरा, सादेडा, भांडेडा, फ्लास्तुनी, कालानला, डोडी, भामर, उरासी, फतेहपुरा, देवपुरा, हिण्डोली उपखण्ड के सांवतगढ़, खोडी, रानीपुरा, बाल, डाबेटा, विस्तारी, आकोदा, सुहरी, भवानीपुरा, शंकरपुरा, दबलाना, धाभाइयो का नयागांव सहित 50 गांवों का नैनवां से सीधा सड़क सम्पर्क होने का फायदा मिलेगा।
स्टीमेट तैयार किया जा रहा है
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हरिराम मीणा ने बताया कि मंगलवार को मुख्य अभियंता से मिले। 6 किमी बकाया हिस्से के निर्माण के लिए वास्तविक खर्चे का स्टीमेट मांगा है। जिसके लिए बुधवार से सड़क निर्माण का मौका देखकर वास्तविक स्टीमेट तैयार किया जा रहा है। दो दिन में स्टीमेट तैयार कर मुख्य अभियंता को भेजा जाएगा।