
File Photo: Patrika
Rajasthan Roadways Bus Good News: राजस्थान के बूंदी जिले से गुजरात के प्रमुख शहर अहमदाबाद और वडोदरा (बड़ौदा) के लिए नई सीधी बस सेवा शुरू की गई है। इस सेवा से दोनों राज्यों के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और यात्रा अधिक आसान व आरामदायक हो जाएगी। साथ ही, यात्रियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई है।
ये बस सेवा बूंदी से रवाना होकर कोटा, डाबी, बिजोलिया, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, खेरवाड़ा, शामलाजी, हिम्मतनगर और अहमदाबाद होते हुए वडोदरा तक संचालित होगी।
रोडवेज अधिकारियों के अनुसार यह सेवा समय की बचत के लिहाज से काफी तेज मानी जा रही है। कोटा से चित्तौड़गढ़ की दूरी यह बस लगभग 3 घंटे में और कोटा से उदयपुर की दूरी करीब 5 घंटे में तय करेगी।
समय सारिणी की बात करें तो बस बूंदी से शाम 4:30 बजे रवाना होगी और कोटा से शाम 6:30 बजे प्रस्थान करेगी। वहीं वापसी में यह बस वडोदरा से शाम 4 बजे और अहमदाबाद से रात 7 बजे चलेगी। इस निश्चित समय सारिणी से यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।
इस बस सेवा का किराया भी यात्रियों को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है। बूंदी से वडोदरा तक का किराया 797 रुपए रखा गया है, जबकि कोटा से अहमदाबाद तक यात्रा करने पर 684 रुपए खर्च करने होंगे। रोडवेज की इस पहल से किफायती दरों पर लंबी दूरी की यात्रा संभव हो सकेगी।
रोडवेज ने यात्रियों के लिए कई आकर्षक छूट भी प्रदान की हैं। महिला यात्रियों को राजस्थान सीमा तक किराए में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी, जिससे उन्हें विशेष लाभ मिलेगा। इसके अलावा, यदि यात्री अपनी यात्रा की टिकट 7 दिन पहले ऑनलाइन बुक करते हैं, तो उन्हें 10 प्रतिशत अतिरिक्त छूट का फायदा भी मिलेगा।
यात्री अपनी सीटों की बुकिंग ऑनलाइन कर सकते हैं। यह सुविधा बूंदी, कोटा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, खेरवाड़ा, शामलाजी, हिम्मतनगर, अहमदाबाद और वडोदरा बस स्टैंड से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए उपलब्ध है। इस नई सेवा से राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले लोगों को अब ज्यादा सुविधा मिलेगी।
Updated on:
16 Apr 2026 11:11 am
Published on:
16 Apr 2026 11:10 am
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
