बूंदी

Bundi : अन्नपूर्णा रसोई में फर्जीवाड़ा, 96 कूपन काटे, केवल 19 ने खाना खाया

संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को देवपुरा स्थित आश्रय स्थल एवं अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण किया।

2 min read
Mar 14, 2026
बूंदी. निरीक्षण करते हुए संभागीय आयुक्त।

बूंदी. संभागीय आयुक्त अनिल कुमार अग्रवाल ने शुक्रवार को देवपुरा स्थित आश्रय स्थल एवं अन्नपूर्णा रसोई का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान योजना के क्रियान्वयन में भारी लापरवाही और अनियमितताएं सामने आई। रसोई में न केवल साफ-सफाई का अभाव मिला, बल्कि लाभार्थियों की संख्या के रिकॉर्ड में भी बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त ने अन्नपूर्णा रसोई के रिकॉर्ड की जांच की, तो वहां 96 व्यक्तियों को भोजन कराया जाना दर्ज था।

हालांकि, मौके पर जांच करने पर मात्र 19 थालियां ही उपयोग में लाना पाया गया। लाभार्थियों की संख्या में अंतर देख संभागीय आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की। रसोई घर की स्थिति बदहाल पाई गई। नियमों के विपरीत वहां कोई मीनू कार्ड नहीं लगा था, जिससे भोजन करने वालों को यह पता नहीं चल पा रहा था कि उन्हें क्या परोसा जाना है। भीषण गर्मी के बावजूद रसोई में पंखे की व्यवस्था नहीं थी और चारों तरफ गंदगी का आलम था।

संभागीय आयुक्त जब पास ही स्थित आश्रय स्थल पहुंचे, तो वहां भी अव्यवस्थाएं मिली। खाली कमरों में अनावश्यक रूप से पंखे चलते पाए गए। जब वहां मौजूद स्टाफ से इस बारे में पूछताछ की गई, तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
संभागीय आयुक्त ने मौके पर मौजूद तहसीलदार को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से इन स्थलों का निरीक्षण करें। उन्होंने व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और आवश्यक कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए ताकि आमजन को योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।

संभागीय आयुक्त के आदेश पर मौका स्थल की रिपोर्ट तैयार कर भेज दी है, जिसमें आश्रय स्थल में गार्ड का अभाव पाया गया, वहीं बिस्तर भी गंदे मिले तथा विद्युत उपकरण कोई भी नहीं होने के बाद भी चालू होना पाया गया। वहीं अन्नपूर्णा रसोई में भारी अनियमितताएं मिली है। 96 जनों का भोजन बनाया जाना बताया गया, जबकि इतने लोगों की तो सामग्री ही नहीं बनाई गई। ऐसे में कूपन किसके काटे गए, यह जांच का विषय है। रसोई में मात्र बीस ही थाली थी। खाना खाने आने वाले लोगों को आचार भी नहीं दिया गया है एवं रसोई में पंखा भी नहीं है।
अर्जुन लाल, तहसीलदार, बूंदी

मैंरे पास कुछ दिनों पहले ही अन्नपूर्णा रसोई का कार्यभार आया है। संभागीय आयुक्त के निरीक्षण की जानकारी नहीं है। जांच में फर्जीवाड़ा सत्यापित हुआ तो फर्म को ब्लैक लिस्टेड कर भुगतान रोका जाएगा।
दिनेश मीना, सहायक अभियंता, नगर परिषद, बूंदी

जिला कलक्टर को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। वहीं सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग से काटे गए कूपनों की जांच की जाएगी। मौके पर 15 जनों द्वारा खाना खाया जाना पाया गया। दो जने खाना खा रहे थे। एवं दो जनों की थाली पड़ी हुई थी। रसोई में मात्र एक जने के खाने जितनी दाल थी एवं चावल नहीं मिले। मीनू चार्ट के अनुसार भोजन भी नहीं परोसा गया था।
अनिल कुमार अग्रवाल, संभागीय आयुक्त, कोटा

Also Read
View All

अगली खबर