गो तस्करी के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नैनवां थाने पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी देने की पेशकश भी की, लेकिन पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं करने पर वे थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
नैनवां. गो तस्करी के मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विश्व हिन्दू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नैनवां थाने पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने गिरफ्तारी देने की पेशकश भी की, लेकिन पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं करने पर वे थाने के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
धरने के दौरान कार्यकर्ता छाया के लिए टेंट लगाने लगे, जिसे थानाधिकारी ने रोक दिया। इस पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा करते हुए विरोध के बावजूद टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने थाने के बाहर तैनात जाप्ते को अंदर बुला लिया।कार्यकर्ताओं के अनुसार 14 जनवरी की रात बाछोला ग्राम पंचायत के भट्टों के नया गांव में गो तस्कर एक कंटेनर में 21 गोवंश को ले जा रहे थे।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कंटेनर पकडक़र गोवंश को छुड़ाया था, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। विहिप और बजरंग दल का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के कारण आरोपी भाग निकले। 15 जनवरी और 2 फरवरी को भी प्रदर्शन कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई थी, जिस पर 10 दिन में गिरफ्तारी का आश्वासन मिला था, लेकिन साढ़े तीन माह बाद भी मुख्य आरोपी ट्रक चालक और मालिक गिरफ्तार नहीं हुए।
टेंट को लेकर विवाद
प्रदर्शन से पहले कार्यकर्ता कनकसागर तालाब स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में एकत्रित हुए और रैली के रूप में थाने पहुंचे।
यहां प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ता टेंट लगाने लगे तो पुलिस ने मना किया, जिससे विवाद और हंगामा हो गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के थाने में प्रवेश को रोकने के लिए गेट पर महिला पुलिसकर्मियों सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस उपाधीक्षक राजूलाल मीणा, थानाधिकारी सहदेव सिंह मीणा सहित अन्य थाना क्षेत्रों से आया जाप्ता मौके पर
मौजूद रहा।
वार्ता विफल, धरना जारी
धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शाम को पुलिस उपाधीक्षक वार्ता के लिए पहुंचे, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही और समाचार लिखे जाने तक धरना जारी रहा। थानाधिकारी सहदेव सिंह मीणा ने बताया कि मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। शेष दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी कर उनकी तलाश की जा
रही है।