कलशयात्रा के साथ शुक्रवार को मीणा समाज के वार्षिकोत्सव मत्स्य भगवान जयंती महोत्सव का आगाज हुआ।
बूंदी. कलशयात्रा के साथ शुक्रवार को मीणा समाज के वार्षिकोत्सव मत्स्य भगवान जयंती महोत्सव का आगाज हुआ। दोपहर बाद आजाद पार्क से कलश यात्रा रवाना हुई, जो शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई बायपास रोड स्थित मत्स्य भगवान मंदिर परिसर पहुंची।
समाज की 2500 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण किए। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया गया। सुबह गीता भवन में महामंडलेश्वर जगदीश पुरी के सानिध्य में मीणा समाज जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा (छरकवाड़ा), पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा (लाडपुर), आनंदीलाल मीणा, मनोज मीणा सहित समाज के पदाधिकारियों ने पूजा-अर्चना की।
आजाद पार्क में कलश की बोलियां लगाई गई। यहां से कलश यात्रा शुरू हुई। कलश यात्रा में महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर आराध्य देव मत्स्य भगवान की झांकी के पीछे -पीछे चल रही थी। मत्स्य भगवान झांकी के पीछे महामंडलेश्वर जगदीश पुरी महाराज विराजमान होकर कलश यात्रा के साथ चले।
कलश यात्रा के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष एवं समाज के पूर्व जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष महावीर मीणा, कार्यकारी जिलाध्यक्ष जोधराज मीणा, उपाध्यक्ष भंवर लाल मीणा, ठीकरिया चारणान सरपंच दीपक मीणा, देलूंदा सरपंच पूजा मीणा, युवा मीणा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश मीणा, कार्यकारी युवा मीणा जिलाध्यक्ष मुरारी मीणा, तहसील अध्यक्ष सौभाग मीना सहित अन्य महिला-पुरुष मौजूद रही।