बूंदी

खेत हुए जलमग्न तो किसानों के खिले चेहरे

कस्बे में रविवार को 4 घंटे तक झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर 12 बजे बाद मौसम खुला। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई।

2 min read
Jul 19, 2021
खेत हुए जलमग्न तो किसानों के खिले चेहरे

खेत हुए जलमग्न तो किसानों के खिले चेहरे
चार घंटे तक झमाझम बारिश हुई
केशवरायपाटन. कस्बे में रविवार को 4 घंटे तक झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दोपहर 12 बजे बाद मौसम खुला। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह बारिश वरदान साबित हुई। क्षेत्र में इस समय धान की रोपाई व सोयाबीन की बुवाई का कार्य चल रहा है। बारिश नहीं होने से किसान परेशान थे।
झालीजी का बराना. क्षेत्र में जमकर बरसात हुई तो खेत जलमग्न हो गए। किसानों के चेहरों की खुशी छा गई। किसानों को अब अच्छी फसल की उम्मीद जगी है। शनिवार को भी एक घंटा यहां जमकर बारिश हुई।
इंद्रगढ़. क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 1 घंटे तक बारिश हुई। अच्छी बारिश होने के कारण इंद्रायणी बांध, इंद्रायणी नदी, शिवधाम सागर तालाब, केसरिया खाळ आदि में पानी की आवक हुई। अच्छी बारिश से शिवराम सागर तालाब में करीब 4 फीट पानी की आवक हुई। वहीं इंद्रायणी बांध में मोरी से नीचे करीब 2 फीट पानी भर गया।
कापरेन. कस्बे सहित क्षेत्र में रविवार को अलसुबह पांच बजे से दोपहर तक रुक रुक कर बरसात होती रही। इससे कस्बे के नालों में पानी भरकर सडक़ों पर बह निकला। किसानों का कहना है कि बरसात होने के बाद अब खेतों में नमी सूखने के साथ ही बुवाई का दौर शुरू हो जाएगा।
लाखेरी. कस्बे में रविवार सुबह 2 घंटे तक झमाझम बरसात हुई। जानकारी के अनुसार शनिवार रात से बूंदाबांदी शुरू हुई, जो रात भर चली। सुबह 5 बजे झमाझम बरसात शुरू हुई, जो 7 बजे तक चलती रही। बरसात से सडक़ों पर पानी बह निकला। वहीं चारभुजा बस्ती के समीप पानी की जोरदार आवक हुई। झमाझम बरसात से लाखेरी व आसपास के खेतों में भी पानी भर गया। जिससे किसानों के चेहरे खिल गए। दोपहर बाद धूप निकलने से वातावरण में उमस पैदा हो गई।
बरसात से एनिकट टूटा
भण्डेड़ा. क्षेत्र में बिजन्ता गांव के निकट शनिवार देर रात को आए पानी से एनिकट की दीवार टूट गई व पानी बह गया। जानकारी के अनुसार बीजंता में तीर्थनाथ महाराज के निकट बने एनिकट में रात को बरसाती पानी की आवक होने से एनिकट की पक्की दीवार के पास से मिट्टी की दीवार टूट गई। ग्रामीण रामसिंह हाड़ा, मुकट सिंह ने बताया कि जब सुबह एनिकट की तरफ आए तो एनिकट का पानी बहता नजर आया। सुबह तक एनिकट खाली हो गया।

Published on:
19 Jul 2021 08:37 pm
Also Read
View All