
दो कार आमने-सामने से टकराई, तीन युवक घायल
कापरेन. कोटा दौसा मेगा हाइवे पर कापरेन अड़ीला के बीच बुधवार देर रात्रि को दो कार आमने सामने से टकरा गई। इसमें कापरेन निवासी तीन जने घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को कापरेन अस्पताल पहुंचाया, जहां से कोटा रैफर कर दिया। कापरेन पुलिस एएसआई दुर्गालाल जांगिड़ ने बताया कि कापरेन निवासी भगवत सिंह (36) पुत्र लीलाधर सिंह केशरायपाटन की ओर से अपनी कार से आ रहा था। इस दौरान अड़ीला कापरेन के बीच हाइवे पर सामने से जा रही कार की टक्कर हो गई। जिससे कोटा की ओर जा रही कार में सवार कापरेन निवासी मयंक जैन (24) पुत्र अनिल जैन व पवन गोयल (26) पुत्र ओमप्रकाश गोयल सहित दूसरी कार में सवार भगवत सिंह भी घायल हो गया। एएसआई ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोटरसाइकिल से टकराई नीलगाय
इंद्रगढ़. कोटा लालसोट मेगा हाइवे पर लालपुरा गांव के पास गुरुवार को नीलगाय की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक ही परिवार के तीन में से दो जने गंभीर घायल हो गए। घायलों को इंद्रगढ़ राजकीय चिकित्सालय में उपचार के बाद कोटा रैफर कर दिया। जानकारी के अनुसार बोरिया गांव निवासी मुरारी लाल मीणा (35) अपनी पुत्री और पुत्र के साथ मोटरसाइकिल से इंद्रगढ़ में आधार कार्ड संबंधी कामकाज के लिए रवाना हुआ था। मेगा हाइवे पर लालपुरा गांव के पास सामने से आ रही एक कार सडक़ क्रॉस कर रही नीलगाय से टकराई और उछल कर मोटरसाइकिल पर गिर गई। जिससे मोटरसाइकिल सवार पिता पुत्री गंभीर घायल हो गए जबकि पुत्र मामूली खरोंच लगने के कारण सुरक्षित बच गया।