
बूंदी. ब्रह्मपुरी में पति-पत्नी के शव मिलने के बाद जमा भीड़।
बूंदी. शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में रविवार सुबह एक दंपति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला पंखे से लटकी हुई मिली, जबकि उसके पति के दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। अधिक रक्तस्राव के कारण उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला आत्महत्या का है, हत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। रविवार सुबह कोतवाली थाना पुलिस को दंपति द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली।
सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी, कोतवाली थाना अधिकारी रमेश आर्य पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव को पंखे से नीचे उतरवाया और दोनों शवों को कब्जे में लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एमओबी और एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शवों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
पुलिस के अनुसार मौके पर रोशन पत्नी अब्दुल हनीफ अंसारी (32) पंखे पर लटकी मिली, जबकि उसका पति अब्दुल हनीफ पुत्र अब्दुल अजीज (40) के दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। उसके सिर के पिछे की तरफ भी चोट के निशान पाये, शरीर से काफी रक्तस्राव हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। अब्दुल हनीफ मार्केट की एक टेलर की दुकान से काम लाकर घर पर सिलाई करता था। परिजनों के अनुसार यह उसका दूसरा निकाह था और पहली पत्नी से उसका तलाक हो चुका था। वर्तमान दंपति की एक छोटी बेटी है।
परिजनों के अनुसार घटना से पहले रोशन अपनी 9 माह की बेटी को बुजुर्ग सास के पास रात 3 बजे करीब नीचे छोडक़र दूसरी मंजिल पर चली गई थी, जहां दंपति रहते थे। इसके बाद सुबह घटना का पता चला। परिजनों ने बच्ची के कपड़ों पर भी खून के निशान होने की बात कही है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार रोशन की तबीयत खराब थी और शनिवार शाम ही अब्दुल हनीफ उसे डॉक्टर को दिखाकर लाया था। महिला के मानसिक रूप से परेशान रहने की बात भी परिजनों की ओर से कही गई है। हालांकि मामले का खुलासा पुलिस जांच और साक्ष्यों के बाद ही स्पष्ट होगा।
Updated on:
13 Sept 2026 12:19 pm
Published on:
13 Sept 2026 12:18 pm
