शहर के नवलसागर तालाब का सौन्दर्यकरण के कार्य का टेंडर निरस्त हो जाने से कार्य अटक गया। दोबारा टेंडर होने के बाद ही कार्य शुरू हो पाएगा। कार्य शुरू होने का शहर के लोग बेसब्री से इंतजार में थे, जिनको अब 6 माह तक इंतजार करना होगा।
नैनवां. शहर के नवलसागर तालाब का सौन्दर्यकरण के कार्य का टेंडर निरस्त हो जाने से कार्य अटक गया। दोबारा टेंडर होने के बाद ही कार्य शुरू हो पाएगा। कार्य शुरू होने का शहर के लोग बेसब्री से इंतजार में थे, जिनको अब 6 माह तक इंतजार करना होगा। टेंडर प्रक्रिया में कुछ कमी रह जाने से पूर्व में किए टेंडर को सार्वजनिक निर्माण विभाग ने निरस्त करना पड़ा। पूर्व में किए टेंडर के अनुसार अप्रेल माह के प्रथम सप्ताह में कार्य शुरू होना था। अब विभाग नए सिरे से दोबारा टेंडर कराएगा। उसके बाद ही कार्य शुरू होने की तिथि तय होगी।
तालाब को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए स्वीकृत ड्राइंग के तहत कार्य शुरू कराने के लिए पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी के साथ अधिकारी मौका देख चुके थे। साथ ही तालाब पर भगवान श्रीराम की प्रतिमा लगाने का स्थान चिन्हित कर व पाल पर ट्रेक प्लांटेशन निर्माण कार्य कराने के लिए तालाब की पाल का भी मौका देखा गया था। पिछले वर्ष 2025-26 के बजट में मुख्यमंत्री ने 15 करोड़ की राशि के बजट की घोषणा की थी। बजट घोषणा की पालना में तालाब के सौन्दर्यकरण के लिए पर्यटन विभाग ने तीन करोड़ 20 लाख रुपए की राशि सार्वजनिक निर्माण को स्थानांतरण कर रखी है। निर्माण विभाग द्वारा अप्रैल में कार्य शुरू करना तय कर रखा था।
यह होना था कार्य
तालाब के सौन्दर्यकरण के कार्य की तैयार करवाई ड्राइंग जिसके अनुरूप कार्य होना है। तालाब के सौन्दर्यकरण के तहत तालाब में सवा 21 फीट की भगवान श्रीराम की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। कंवर जी की छतरियों व बादलिया बाग के बीच प्रतिमा स्थापित होगी। प्रतिमा, उसके फाउंडेशन व एप्रोच रोड पर एक करोड़ रुपए, पाल बनाए जाने ट्रेक व प्लांटेशन पर डेढ़ करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। शेष राशि अन्य सौन्दर्यकरण कार्य पर खर्च होगी।
यह अधिकारी आए थे मौका देखने
अप्रेल माह में ही कार्य शुरू कराने के लिए पूर्व मंत्री प्रभुलाल सैनी के साथ 27 फरवरी को सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मुकेश गुप्ता, अधिशासी अभियंता हरिराम मीणा, सहायक अभियंता सोनू नागर, उपखण्ड अधिकारी भागचंद रेगर व पुलिस उपाधीक्षक मौका देखने आए थे।
सवा तीन करोड़ रुपए मिले
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हरिराम मीणा ने बताया कि तालाब के सौन्दर्यकरण के लिए पर्यटन विभाग से स्वीकृत 3 करोड़ 20 लाख रुपए की राशि विभाग को मिली है। प्रस्तावित ड्राइंग के अनुसार अप्रैल में कार्य शुरू होना था, लेकिन पूर्व में किए टेंडर प्रक्रिया में कुछ कमी रह जाने से टेंडर निरस्त हो गया। अब नए सिरे से टेंडर होने के बाद ही कार्य शुरू हो पाएगा।