बूंदी

Bundi : चरड़ाना में कच्चे मकान में सेंधमारी, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पार

क्षेत्र में चोर बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। शादी विवाह के सीजन में चोर बदमाश क्षेत्र में सक्रिय हैं और रात को मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बीती रात को भी क्षेत्र के चरडाना गांव में चोरों ने एक कच्चे की दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया।

2 min read
Feb 16, 2026
कापरेन. चरडाना में कच्चे मकान चोरी के बाद फैलाए सामान।

कापरेन. क्षेत्र में चोर बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। शादी विवाह के सीजन में चोर बदमाश क्षेत्र में सक्रिय हैं और रात को मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। बीती रात को भी क्षेत्र के चरडाना गांव में चोरों ने एक कच्चे की दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया। बदमाश सोने-चांदी के आभूषण सहित करीब दस हजार रुपए चुरा ले गए। थाने पर पहुंचे पीडि़त रामदेव सुमन ने बताया कि वारदात की रात को वह परिवार जनों सहित घर के बाहर छप्पर में सो रहा था।

रात को ग्यारह बजे चाय पी कर सोए थे। सुबह उठकर मकान के पीछे गए तो कपड़े, सूटकेस, व अन्य सामान फैले हुए नजर आए तो पड़ोसी को सूचना दी और चोरी का अंदेशा जताया, लेकिन खुद के मकान में देखा तो कच्ची दीवार पर सेंध लगी हुई नजर आई। मकान के अंदर जाकर देखा तो घर में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सामान फैले हुए थे। रामदेव ने बताया कि चोर रात को बारह बजे बाद आए और पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए। घर में रखे कपड़े आदि फैला दिए।


चोर अलमारी का ताला तोडक़र उसमें रखी दो जोड़ी चांदी की तोडिय़ां,चांदी की दो चेन, एक सोने की अंगूठी, तीन चांदी की फोलरी और करीब दस हजार रुपए नकद चोरी कर फरार हो गए। रामदेव ने बताया कि चोरी होने पर कापरेन थाने पहुंच कर पुलिस को जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मौका निरीक्षण किया है।

उधर, थाना प्रभारी भगवान सहाय मीणा ने बताया कि चोरी होने की सूचना पर मौका निरीक्षण किया गया है। मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाई हुई है। चोर आर्टिफिशियल ज्वैलरी लेकर गए हैं। चोरी के प्रयास किया गया है, लेकिन कुछ बड़ा हाथ नही लगा है। अभी तक फरियादी द्वारा लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। मामले की जांच करवाई जा रही है।

दूसरे दिन भी हुई वारदात
ज्ञातव्य है कि क्षेत्र में बदमाशों के हौसले बुंलन्द है। क्षेत्र में लगातार दो दिन में यह चोरी की दूसरी वारदात हुई है। एक दिन पहले ही शुक्रवार रात को कापरेन शहर के मुख्य बाजार में नकाबपोश बदमाशों ने दो सर्राफा दुकानों के ताले तोडक़र चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में दो दिन बाद भी पुलिस आरोपियों का कोई सुराग नहीं लगा पाई है। सर्राफा यूनियन अध्यक्ष मुरली मीणा ने बताया कि मामले में रविवार को थाना प्रभारी से मुलाकात की है और जल्द वारदात का खुलासा करवाने की मांग की है। साथ ही व्यापारियों ने आपसी सहयोग से रात्रि को बाजार में गश्त के लिए एक व्यक्ति को चौकीदार लगाया गया है। जिससे बाजार में सुरक्षा व्यवस्था रहे।

Published on:
16 Feb 2026 11:21 am
Also Read
View All

अगली खबर