
बूंदी. रामगंजबालाजी। बूंदी पंचायत समिति में कांग्रेस ने प्रधान पद पर अपना कब्जा बरकरार रखते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। शुक्रवार को हुए चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी जगरूप सिंह रंधावा 10 वोट हासिल कर प्रधान निर्वाचित हुए। वहीं भाजपा प्रत्याशी उदयलाल गुर्जर को महज 4 वोट मिले। एक वोट खारिज होने के साथ ही 15 सदस्यीय पंचायत समिति में कांग्रेस ने अपना बहुमत साबित कर दिया। परिणाम सामने आते ही कांग्रेस खेमे में जश्न शुरू हो गया।
प्रधान पद के लिए नामांकन प्रक्रिया सुबह 10 बजे शुरू हुई। कांग्रेस की ओर से जगरूप सिंह रंधावा ने पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा के साथ सुबह 10 बजकर 5 मिनट पर पहला नामांकन दाखिल किया। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी उदयलाल गुर्जर ने पंचायत समिति चुनाव प्रभारी महेश विजय के साथ सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर नामांकन प्रस्तुत किया। दोनों प्रत्याशियों के मैदान में आने के बाद पंचायत समिति परिसर में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं। समर्थकों की भीड़, नारेबाजी और बैठकों का दौर चलता रहा।
दोपहर 3 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले 3 बजकर 3 मिनट पर भाजपा के पांच सदस्य एक साथ मतदान के लिए पहुंचे। इसके बाद 3 बजकर 15 मिनट के बाद कांग्रेस और बसपा के सदस्य मतदान करने पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए वृत्ताधिकारी अनिल जोशी, सदर थानाधिकारी भंवर सिंह सहित पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
मतदान के बाद हुई मतगणना में कांग्रेस प्रत्याशी रंधावा को 10 और भाजपा प्रत्याशी उदयलाल गुर्जर को 4 वोट मिले। एक मत खारिज हो गया। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे रंधावा की जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह छा गया। पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, शहर अध्यक्ष शैलेश सोनी, मनवीर सिंह, धनारी सरपंच हरलाल गुर्जर, सत्यनारायण मीणा सहित कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रधान का फूलमालाओं से स्वागत किया। समर्थकों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी और परिसर में कांग्रेस के नारों की गूंज सुनाई दी।
प्रधान पद का चुनाव संपन्न होने के बाद अब शनिवार को होने वाले उपप्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। प्रधान पद पर जीत के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह है, वहीं उपप्रधान पद के चुनाव में भी सदस्यों की भूमिका और दलों की रणनीति पर सबकी निगाहें रहेंगी।