बिजली चालू करने से गई जान

केशवरायपाटन के जलोदा गांव में गुरुवार को करंट से संविदा कर्मचारी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग की।
2 min read
• •
Updated: 9 Jun 2017, 5:06 PM IST
Feature image

जलोदा गांव में जयपुर विद्युत वितरण निगम की 11केवी विद्युत लाइन में तार जोडऩे चढ़े संविदा कर्मचारी की करंट लगने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बाद में समझाइश पर ग्रामीण माने।

थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि जलोदा गांव निवासी सीताराम बैरागी (35) विद्युत निगम की मस्टररोल में संविदा पर कार्य करता रहता था। गुरुवार सुबह बैरागी गांव में जलदाय विभाग की मोटर के तार जोडऩे के लिए निगम कार्यालय से बिजली बंद करवाकर खम्भे पर चढ़ गया। कार्य करने के दौरान किसी ने बिजली चालू कर दी, जिससे करंट से झुलसने उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

आश्वासन के बाद माने

करंट से सीताराम की मौत की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। घटना के बाद कोई सक्षम अधिकारी समय पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में रोष बढ़ गया।

ग्रामीणों के रोष को देखते हुए उपखंड अधिकारी अम्बालाल मीणा मौके पर पहुंचे और परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद ग्रामीण पोस्टमार्टम करवाने के लिए तैयार हुए। उपखण्ड अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी।


नहीं लगा रखा संविदा पर

जयपुर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता महेश छंदक ने बताया कि सीताराम बैरागी निगम का कर्मचारी नहीं था। वह संविदा पर भी नहीं लगा रखा है। वह लाइन पर क्या लेने गया था इसकी जांच करवाई जाएगी। सुबह 10 बजे लाइन चालू थी जबकि यह घटना तो सुबह 6 बजे ही हो गई। लाइन के तार भी नहीं टूटे हुए थे।


तीन जनों के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई प्रभुदयाल की रिपोर्ट पर जयपुर विद्युत वितरण निगम के सहायक अभियंता व केशवराय पाटन जीएस एस के दो कर्मचारियों के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है।