बूंदी

Bundi News : भक्ति के आगे थकान नतमस्तक, बिजासन माता के दर पहुंचे 4.50 लाख श्रद्धालु

सिर पर आस्था, जुबां पर माता के जयकारे और कदम दर कदम पहाड़ी की चढ़ाई…। कड़ी धूप भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। इंद्रगढ़ के प्रसिद्ध श्री बिजासन माता मंदिर में रविवार को दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शाम तक जारी रहा। मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों ने करीब 750 सीढिय़ां चढ़ी।
2 min read
• •
Oct 19, 2026
4.50 lakh devotees reached the shrine of bijasan mata
इंद्रगढ़. बिजासन माता की सीढिय़ों पर लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें।

इंद्रगढ़. सिर पर आस्था, जुबां पर माता के जयकारे और कदम दर कदम पहाड़ी की चढ़ाई…। कड़ी धूप भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी। इंद्रगढ़ के प्रसिद्ध श्री बिजासन माता मंदिर में रविवार को दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शाम तक जारी रहा। मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों ने करीब 750 सीढिय़ां चढ़ी। भीड़ का आलम यह रहा कि पहाड़ी पर मंदिर तक जाने वाली सीढिय़ों पर पैर रखने की जगह तक नहीं बची। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पुलिस और प्रशासन को व्यवस्थाएं संभालने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।श्री बिजासन माता कल्याण विकास समिति अध्यक्ष हरीश योगी, मेला समिति अध्यक्ष अक्षय योगी आदि पदाधिकारियों के अनुसार, रविवार को करीब साढ़े चार लाख श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। सोमवार को अष्टमी पर भी बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया।

सुरक्षा में 130 जवान तैनात

मेले में 50 पुलिसकर्मी और 80 होमगार्ड जवान तैनात किए गए हैं। इंद्रगढ़, लाखेरी, देहीखेड़ा और गेण्डोली पुलिस थानों का जाप्ता सुरक्षा व्यवस्था में जुटा रहा। लाखेरी पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र नागर और इंद्रगढ़ थाना अधिकारी दीनदयाल वैष्णव सहित पुलिस अधिकारियों ने मेला क्षेत्र का जायजा लिया। सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मी असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए रहे।

पार्किंग से शहर तक जाम, भंडारों में सेवा

श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मंदिर की पार्किंग से शहर के बड़ तिराहे तक बार-बार जाम लगा। वाहनों की लंबी कतारों के साथ झीड़ा मार्ग की पार्किंग पर भी यातायात प्रभावित हुआ। पुलिसकर्मियों को जाम खुलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दूसरी ओर, मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह समाजसेवियों ने भंडारे लगाए और सेवा की।

62 कैमरों से मेले पर रखी नजर

नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर क्षेत्र में 62 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। समिति ने 42 कैमरे स्थायी रूप से मंदिर क्षेत्र में लगवा रखे हैं। इसके अलावा ऊपर स्थित मंदिर में 12 कैमरे और नीचे के मंदिर क्षेत्र में भी कैमरे लगाए गए हैं। कंट्रोल रूम से मेले की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को सुचारू रखा जा सके।

Updated on:
19 Oct 2026 01:06 pm
Published on:
19 Oct 2026 01:04 pm