बूंदी

Bundi News : पुनर्मतदान के बाद जिला परिषद में कांग्रेस और केशवरायपाटन पंचायत समिति में बसपा जीती

मतगणना के दौरान ईवीएम में आई तकनीकी खराबी से दो वार्डो के अटके चुनावी नतीजों का रविवार को पुनर्मतदान के बाद पटाक्षेप हो गया। जिला परिषद की सीट कांग्रेस और केशवरायपाटन की सीट बसपा ने जीत कर अपने अंकों में बढ़ोतरी कर ली। जिला परिषद के वार्ड-14 से कांग्रेस के सुरजन 107 मतों से विजयी रहे, जबकि केशवरायपाटन पंचायत समिति के वार्ड-2 में बसपा के कन्हैयालाल ने बाजी मारी।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 5:58 PM IST
Election results finalized following re-polling
बूंदी. कलक्टे्रट सभागार में मतगणना करते हुए।

बूंदी. मतगणना के दौरान ईवीएम में आई तकनीकी खराबी से दो वार्डो के अटके चुनावी नतीजों का रविवार को पुनर्मतदान के बाद पटाक्षेप हो गया। जिला परिषद की सीट कांग्रेस और केशवरायपाटन की सीट बसपा ने जीत कर अपने अंकों में बढ़ोतरी कर ली। जिला परिषद के वार्ड-14 से कांग्रेस के सुरजन 107 मतों से विजयी रहे, जबकि केशवरायपाटन पंचायत समिति के वार्ड-2 में बसपा के कन्हैयालाल ने बाजी मारी। अब केशवरायपाटन पंचायत समिति में बसपा के सदस्यों की संख्या बढक़र सात हो गई है। अब पार्टी बहुमत के आंकड़े से महज एक कदम दूर रह गई है। वहीं जिला परिषद में कांग्रेस की स्थिति और मजबूत हुई है। यहां कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढक़र 21 हो गई, जबकि भाजपा छह सीटों पर सिमट गई। देर रात कलक्ट्रेट सभागार में मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी हरफूल सिंह यादव, एडीएम और एडीएम रमेश देव मौजूद रहे।

इससे पहले लाखेरी क्षेत्र के बूथ संख्या 40, 23 और 5 की ईवीएम जमा करवाई गईं। केशवरायपाटन रिटर्निंग अधिकारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि मतदान के बाद रविवार रात को पंचायत समिति में इस बूथ की मतगणना कराई गई। इसमें बसपा को 383, भाजपा को 379, कांग्रेस को 18 और नोटा को 2 मत मिले। इस मतदान केंद्र पर कुल 986 मतदाताओं में से 782 ने मतदान किया। वार्ड संख्या 2 के परिणाम के साथ ही पंचायत समिति के सभी 15 वार्डों की तस्वीर साफ हो गई है। इनमें बसपा ने 7 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस के 4, भाजपा के 3 और एक निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहा।

62.88 प्रतिशत मतदाताओं ने डाले वोट

लाखेरी . नवगठित लाखेरी पंचायत समिति क्षेत्र की तीन ग्राम पंचायतों में जिला परिषद सदस्य के चुनाव के लिए रविवार को पुनर्मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। तीनों ग्राम पंचायतों में कुल 62.88 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान में बाबई के मतदाताओं ने सबसे ज्यादा उत्साह दिखाया। यहां 82.88 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि सुमेरगंजमंडी में सबसे कम 50.35 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह मतदान प्रक्रिया शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।

दिनभर मतदान को लेकर उत्साह बना रहा। निर्वाचन विभाग की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थी। प्रशासनिक निगरानी में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। तीनों ग्राम पंचायतों के मतदान प्रतिशत पर नजर डालें तो बाबई में 82.88 प्रतिशत, चांदाखुर्द में 63.47 प्रतिशत और सुमेरगंजमंडी में 50.35 प्रतिशत मतदान हुआ।

गुडली में मतदाताओं ने उत्साह से किया पुनर्मतदान

केशवरायपाटन. पंचायत समिति के वार्ड संख्या 2 में मतगणना के दौरान ईवीएम खराब होने के बाद गुडली गांव के तीन वार्डों में रविवार को पुनर्मतदान हुआ। मतदान को लेकर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह नजर आया। सुबह 7 बजे से ही राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदाता पहुंचने लगे। सुबह 7 से 10 बजे तक युवाओं और बुजुर्गों की भीड़ रही, जबकि दोपहर बाद महिलाओं की संख्या बढ़ गई।दोपहर पौने दो बजे तक 986 में से 547 मतदाता मतदान कर चुके थे। इसके बाद मतदान में तेजी आई और शाम 5 बजे तक 750 मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान केंद्र का उपखंड अधिकारी जगदीश प्रसाद ने अवलोकन किया। इस सीट पर सभी नेताओं की निगाहें टिकी रही। मतदान के दौरान भाजपा, कांग्रेस और बसपा के बड़े नेताओं ने क्षेत्र में पड़ाव डाले और रातभर लोगों से संपर्क किया।

Updated on:
23 Nov 2026, 5:58 PM IST
Published on: