बूंदी

Bundi : मुख्य बाजार और सड़कों पर बढ़ रहा अतिक्रमण, सिकुड़ रहा आम रास्ता

शहर में लगातार बढ़ रहा अतिक्रमण अब आमजन के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है।

3 min read
Mar 23, 2026
कापरेन. मुख्य बाजार में दुकानों के सामने खड़े वाहन व फैल रहे सामान से सिकुड़ रहा मार्ग। पत्रिका

कापरेन. शहर में लगातार बढ़ रहा अतिक्रमण अब आमजन के लिए बड़ी समस्या बनता जा रहा है। मुख्य बाजारों, सड़कों के किनारे और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध अतिक्रमण के चलते यातायात बाधित हो रहा है, वहीं पैदल चलने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


शहरवासियों का कहना है कि दुकानों के आगे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण, ठेले थडिय़ा और अवैध निर्माणों के कारण सड़कें संकरी होती जा रही हैं। विशेष अवसरों, शादी विवाह और त्यौहार के मौके पर मुख्य बाजार और सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और अस्पताल आने वाले मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। शहरवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही प्रभावी नहीं हो पाती है। कुछ जगहों पर कार्यवाही के बाद फिर से अतिक्रमण हो जाता है, जिससे प्रशासन की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।

मुख्य बाजार में आवागमन बाधित
शहरवासियों का कहना है कि शहर के मुख्य बाजार में दुकान के सामान सड़क सीमा में नाली के बाहर तक फैले रहते हैं। वहीं दुकानों के सामने दुकानदारों सहित ग्राहकों की बाइक आदि खड़ी हो जाती है, जिससे सड़क मार्ग सिकुड़ जाता है। सीजन के दौरान भीड़ अधिक होने से दुपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों का निकलना भी मुश्किल भरा रहता है। ऐसे में बाजार में रहने वाले लोगों के घर तक आने जाने के लिए कार, अथवा बड़े वाहन नहीं पहुंच पाते हैं। शहरवासियों का कहना है कि मुख्य बाजार में रहने वाले लोग अपने घरों से दुकानें खुलने और बाजार चलने से पहले ही अपने वाहन निकाल लेते हैं। वाहन निकालने में देरी होने अथवा दस बजे बाद कार आदि बड़े वाहन निकालने पर बाजार से मुख्य सड़क तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक समय लग जाता है।

अस्पताल के सामने रहता है जाम
शहरवासियों का कहना है कि मुख्य सड़क पर अस्पताल के सामने काफी भीड़ लगी रहती है। वहीं मार्केटिग सोसायटी के सामने भी किसानों के खाद बीज लेने के लिए भीड़ रहने, ट्रैक्टर ट्रॉली आदि खड़े होने पर कई बार जाम के हालात बन जाते हैं और वाहन चालकों का निकलना मुश्किल भरा हो जाता है।

अतिक्रमण की चपेट में नेकी की दीवार
नगरपालिका द्वारा नवाचार अपनाते हुए पालिका के समीप मुख्य सड़क पर नेकी की दीवार शुरू की गई थी। जहां समाजसेवी लोग अपने घरों में उपयोग लिए गए पुराने कपड़े रख जाते हैं। कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति नेकी की दीवार पर रखे कपड़े लेकर चला जाता है। अतिक्रमियों ने उस जगह को भी चपेट में लिया हुआ है, जिससे नेकी की दीवार दब गई है।
हिदायत के बावजूद नहीं होता असर शहरवासियों का कहना है कि पालिका प्रशासन द्वारा सड़क सीमा निर्धारित कर लाइन डलवाने के बावजूद दुकान वाले लाइन से बाहर तक अपने सामान फैला देते हैं। प्रभावी कार्यवाही नहीं होने से एक दो दिन बाद फिर से हालात बिगड़ जाते हैं। शहरवासियों ने प्रशासन से सड़क सीमा निर्धारित कर अतिक्रमण हटवाने और प्रभावी कार्यवाही की मांग की है।

पार्किंग की व्यवस्था नहीं
शहर में लोडिंग वाहन और बड़े वाहन दिनभर इधर उधर दौड़ते रहते है। बड़ी संख्या में लोडिंग वाहन व अन्य बड़े वाहनो का संचालन होने के बावजूद पालिका प्रशासन द्वारा इनको खड़ा करने के लिए स्थाई पार्किंग व्यवस्था नहीं की गई है, जिसके चलते मुख्य सड़क पर खाली जगह देख कर खड़े हो जाते हैं और आवागमन की व्यवस्था प्रभावित होती है। वहीं त्योहार व शादी विवाह के सीजन में ठेले थडिय़ा मुख्य सड़क किनारे बेतरतीब खड़े होने से आम रास्ता सिकुड़ जाता है। दुकान के आगे सड़क सीमा में फैले सामान और ठेले थडिय़ा आदि से रास्ता सिकुड़ जाता है।

अतिक्रमण हटाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। लाइनिंग करवाई जाती है और दुकानदारों को कड़ी हिदायत भी दी जाती है। सार्वजनिक रूप से एनाउंसमेंट करवाया जाता है। इसके बावजूद लोग फिर से अतिक्रमण कर लेते हैं। बीते दिनों कई बार लाइनिंग करवाई गई है और अब हिदायत देकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रवीण कुमार शर्मा, अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका, कापरेन

Also Read
View All

अगली खबर