बूंदी

नकली सोना देकर लाखों रुपए की ठगी, विरोध किया तो फर्जी पुलिस बनकर पीटा; बूंदी में जोधपुर के 3 युवकों संग वारदात

बूंदी के रामनगर में जोधपुर के तीन युवकों से असली के नाम पर 100 ग्राम नकली सोना थमाकर 9 लाख रुपए ठग लिए गए। विरोध करने और जांच की बात कहने पर फर्जी पुलिसकर्मी बनकर आए 10-15 लोगों ने मारपीट की। पीड़ित भोमाराम की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
2 min read
Aug 17, 2026
fake gold scam
बूंदी सदर थाने में रिपोर्ट देते हुए (पत्रिका फोटो)

Bundi Fake Gold Scam: राजस्थान के बूंदी जिले में सदर थाना क्षेत्र के रामनगर में असली सोना दिखाकर ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ठगों ने जोधपुर के तीन युवकों को सस्ते दाम में सोना देने का झांसा देकर 9 लाख रुपए की चपत लगा दी। पीड़ित युवकों के विरोध करने पर आरोपियों ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर उनके साथ मारपीट की और डरा-धमकाकर रुपए ऐंठ लिए। पीड़ित युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर सदर थाने पहुंचे और पूरी आपबीती पुलिस को बताई।

झांसे में लेकर तय किया सौदा

जोधपुर निवासी पीड़ित भोमाराम ने पुलिस को दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि लगभग एक महीने पहले उसकी मुलाकात सांवरिया सेठ मंदिर के पास रामनगर निवासी दो युवकों से हुई थी। इन दोनों युवकों ने भोमाराम और उसके साथियों को काफी सस्ते दाम में असली सोना उपलब्ध कराने का लालच दिया और धीरे-धीरे उनसे गहरी दोस्ती कर ली। विश्वास जमने के बाद, कुछ दिनों पहले जोधपुर से दो युवक सौदा करने बूंदी पहुंचे। वहां रामनगर में ठगों ने उन्हें 100 ग्राम असली सोना दिखाकर पूरी तरह से अपने विश्वास में ले लिया और 9 लाख रुपए में सौदा तय हो गया।

नकली सोना थमाया, विरोध करने पर मारपीट

तय समय पर जब तीनों पीड़ित युवक रकम लेकर बूंदी के रामनगर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन्हें नकली सोना थमा दिया और बदले में 9 लाख रुपए मांग लिए। जब पीड़ितों को सोने की शुद्धता पर शक हुआ और उन्होंने किसी सुनार से इसकी जांच कराने की बात कही, तभी अचानक बाहर से 'पुलिस आ गई, भागो-भागो' की आवाजें आने लगीं।

फर्जी पुलिस बनकर दिखाया डर

पीड़ित भोमाराम के अनुसार, आवाज सुनते ही लगभग 10 से 15 लोग पुलिस की वेशभूषा में वहां दाखिल हुए। उन्होंने खुद को असली पुलिसकर्मी बताते हुए पीड़ितों को झूठे मुकदमे में फंसाने का डर दिखाया। जब पीड़ितों ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ जमकर मारपीट की और जबरन 9 लाख रुपए छीन लिए। पीड़ित जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहे।

मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

सदर थाना अधिकारी भंवर सिंह ने बताया कि पीड़ित भोमाराम की शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, मारपीट और फर्जी पुलिसकर्मी बनने का मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं और पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Updated on:
17 Aug 2026 03:31 pm
Published on:
17 Aug 2026 03:30 pm