
स्वतंत्रता दिवस पर शराब पीकर स्कूल पहुंचे प्रधानाचार्य (वायरल वीडियो से ली गई तस्वीर)
बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर जिले के अंबाबाड़ी स्थित राजकीय विद्यालय से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य पर शराब के नशे में स्कूल आने का आरोप लगा है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जब बच्चे और उनके अभिभावक स्कूल परिसर में मौजूद थे, तब प्रधानाचार्य कथित तौर पर शराब के नशे में धुत्त होकर पहुंचे। बताया जा रहा है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वे रास्ते में गिर भी गए, जिससे उनके हाथ और चेहरे पर चोटें आईं। इसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें उठाकर एक जगह बैठाया और जमकर खरी-खोटी सुनाई।
वायरल वीडियो के अनुसार, ग्रामीणों और पंचायत अध्यक्ष ने प्रधानाचार्य के प्रति गहरा आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने कहा, पूरा गांव आपसे नाराज है। आप बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं और 15 अगस्त जैसे पवित्र राष्ट्रीय पर्व के दिन भी पीकर आ गए। अगर पीना ही था तो स्कूल नहीं आना चाहिए था। आक्रोशित ग्रामीणों ने उनसे तुरंत पद से इस्तीफा देने की मांग की और स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ा। जब ग्रामीणों ने शिक्षक से जवाब मांगा तो उन्होंने बेपरवाही से कहा, हां, मेरे को जो भी मानो।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्लॉक शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लिया है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का कहना है कि पूरे मामले की विभागीय जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रधानाचार्य के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, राजस्थान पत्रिका इस वायरल वीडियो की सत्यता और प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Updated on:
16 Aug 2026 02:00 pm
Published on:
16 Aug 2026 02:00 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
