
बालोतरा जिले के कालूडी में पाइपलाइन में लगाया वाल्व को गड्ढा खोदकर निकाला (फोटो: पत्रिका)
Crude Oil Stolen From Balotra Rifinery: हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) रिफाइनरी में क्रूड ऑयल की हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद पाइपलाइन से चोरी का मामला सामने आया है। थ्री-लेयर हाईटेक पाइपलाइन ट्रैकिंग सिस्टम, ड्रोन निगरानी और दिन-रात सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद आरोपियों ने रिफाइनरी से करीब 30 किलोमीटर दूर बालोतरा जिले के कालूड़ी में पाइपलाइन में वाल्व लगाकर 2 टैंकर कच्चा तेल चोरी कर लिया। चोरी की भनक एचपीसीएल को नहीं लगी। गुजरात एटीएस की कार्रवाई के बाद मामले का खुलासा हुआ। मामले में आठ आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं, जिनमें एक राजस्थान का है। सभी को 17 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
कांडला पोर्ट से पचपदरा रिफाइनरी तक क्रूड ऑयल पहुंचाने वाली पाइपलाइन की सुरक्षा के लिए हाईटेक ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। पाइपलाइन पर हथौड़े या जेसीबी से दबाव पड़ने तथा क्रूड ऑयल का प्रेशर कम होने तक का अलर्ट कंट्रोल रूम तक पहुंचता है। इसके अलावा पाइपलाइन की नियमित पेट्रोलिंग, ड्रोन से निगरानी और दिन-रात सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहते हैं। इसके बावजूद आरोपियों ने पाइपलाइन में वाल्व लगाकर क्रूड ऑयल चोरी कर लिया।
गुजरात के कांडला (मुंद्रा) पोर्ट से करीब 700 किलोमीटर लंबी एएमपीएल (अरब मिक्स पाइपलाइन) के जरिए पचपदरा रिफाइनरी तक क्रूड ऑयल लाया जाता है। वहीं, बाड़मेर के मंगला प्रोसेसिंग टर्मिनल से पचपदरा रिफाइनरी तक 95 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछी है। पाइपलाइन की देखरेख और सुरक्षा का जिम्मा वॉरियर्स सिक्योरिटी एजेंसी के पास है। मामले में सिक्योरिटी साइड इंचार्ज श्रवण कुमार ने जसोल थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। श्रवण कुमार की रिपोर्ट के अनुसार पाइपलाइन के सीएच 416 से 490 तक रात में सुपरवाइजर ईश्वरलाल और दिन में धन्नाराम की ड्यूटी रहती है। रात में करीब सीएच 460, गांव कालूड़ी के पास पाइपलाइन में वाल्व लगाकर कच्चा तेल चोरी किया गया।
डिटेन युवक जयराज सिंह को जसोल थाने ले जाकर पूछताछ की गई। उसने बताया कि कालूड़ी गांव की बंजर जमीन में गहरा गड्ढा खोदकर एचपीसीएल की पाइपलाइन में वाल्व लगाया गया था, जहां से क्रूड ऑयल चोरी किया जाता था। पुलिस ने एचपीसीएल अधिकारियों को सूचना दी। टीम के साथ मौके पर जांच की गई तो पाइपलाइन में वाल्व लगा मिला। पूछताछ में अन्य आरोपियों के वाल्व पॉइंट से छह किलोमीटर दूर ढाबे पर रुके होने की जानकारी सामने आई।
गुजरात एटीएस को सूचना मिली थी कि गुजरात और राजस्थान के कुछ लोग बालोतरा में एचपीसीएल रिफाइनरी की पाइपलाइन से क्रूड ऑयल चोरी कर रहे हैं और चोरी का तेल अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचने की कोशिश की जा रही है। 10 अगस्त को टीम ने कुवाडवा के पास सीखड़ा गांव जाने वाले रास्ते पर राजकोट जिले के धोराजी निवासी जयराज सिंह (34) को डिटेन किया। उसके कब्जे से क्रूड ऑयल मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह तेल बालोतरा के कालूड़ी गांव से लेकर आया था। राजस्थान पुलिस की मदद से एटीएस ने 10 अगस्त की रात बालोतरा के टापरा गांव के पास एक ढाबे से सात अन्य आरोपियों को डिटेन किया। इनमें गुजरात के महेसाणा के नागलपुर निवासी घनश्याम सोनी (54), चालासण निवासी रमेश ठाकोर (41), महेश ठाकोर (32), जोटाणा निवासी सुरेजी ठाकोर (32), जालोर के जसवंतपुरा निवासी एवं हाल अहमदाबाद निवासी मुकेश कुमार मेघवाल (44), गांधीनगर के कालोल निवासी रणजीत चौरसिया (48) और उत्तर प्रदेश के इटावा के आसपुर निवासी दिलीप यादव (35) शामिल हैं।
सभी आठ आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें 17 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से स्थानीय स्तर पर मदद करने और क्रूड ऑयल चोरी में शामिल व्यक्तियों के बारें में पूछताछ कर रही है। अब तक की पूछताछ में दो टैंकर क्रूड ऑयल चोरी करने की बात सामने आई है। पूछताछ में गिरोह के सरगना सहित कई अन्य खुलासे होने की संभावना है।
राजेश कुमार कावट, पुलिस अधीक्षक, बालोतरा
Updated on:
13 Aug 2026 09:12 am
Published on:
13 Aug 2026 09:12 am
