15 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: स्वतंत्रता दिवस पर बॉर्डर पार कर भारत में घुसा पाकिस्तानी नागरिक, BSF ने हिरासत में लिया

राजस्थान के बाड़मेर जिले में स्वतंत्रता दिवस के दिन BSF ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर सतर्कता दिखाते हुए एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लिया। 60 वर्षीय बाकू खान केकेटी पोस्ट के पास तारबंदी पार कर भारतीय क्षेत्र में घुस आया था। जांच एजेंसियां अब उससे पूछताछ करेंगी।
2 min read
Google source verification
pakistani baku khan

Barmer: भारत-पाकिस्तान सीमा से पकड़ा गया बाकू खान (फोटो-पत्रिका)

बाड़मेर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्वतंत्रता दिवस के दिन सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क करने वाला मामला सामने आया। सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने शनिवार सुबह गश्त के दौरान एक पाकिस्तानी नागरिक को भारतीय सीमा में घुसने के बाद हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति सीमा पर लगी तारबंदी पार कर भारतीय क्षेत्र में पहुंच गया था। जवानों ने पहले उसे रुकने की चेतावनी दी और इसके बाद पकड़ लिया।

पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पाकिस्तान के मिठी जिले के जहरिलों गांव निवासी 60 वर्षीय बाकू खान पुत्र इस्माइल खान के रूप में हुई है। BSF की ओर से शुरुआती पूछताछ और आवश्यक कार्रवाई के बाद शनिवार शाम करीब छह बजे उसे बिजराड़ थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत में प्रवेश करने के कारणों और सीमा पार करने के उद्देश्य की जानकारी जुटाने में लगी हैं।

पेट्रोलिंग के दौरान दिखा पाकिस्तानी नागरिक

जानकारी के अनुसार स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए भारत-पाकिस्तान सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था पहले से कड़ी की गई थी। BSF की टीमें लगातार संवेदनशील इलाकों में पेट्रोलिंग कर रही थीं। इसी दौरान केकेटी पोस्ट के पास गश्त कर रहे जवानों ने एक व्यक्ति को तारबंदी पार करके भारतीय क्षेत्र की ओर आते देखा।

बीएसएफ ने पहले दी रुकने की चेतावनी

संदेह होने पर जवानों ने उसे तत्काल रुकने की चेतावनी दी। इसके बावजूद स्थिति को देखते हुए जवानों ने सावधानी बरतते हुए मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पाकिस्तानी नागरिक के रूप में हुई।

बीएसएफ ने पुलिस के हवाले किया

बिजराड़ थाना अधिकारी अजीत सिंह के अनुसार BSF ने पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिक को पुलिस के हवाले कर दिया है। इसके बाद डीएसपी जेठाराम के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने उससे प्रारंभिक पूछताछ की। अब मामले में विभिन्न सुरक्षा और जांच एजेंसियां संयुक्त रूप से पूछताछ करेंगी।

यह वीडियो भी देखें :

सुरक्षा एजेंसियां करेंगी संयुक्त पूछताछ

संयुक्त पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि बाकू खान ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश क्यों किया। साथ ही उसके पास मौजूद सामान, भारत आने के संभावित उद्देश्य और सीमा पार करने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी संभावित पहलुओं पर जानकारी जुटा रही हैं।

बड़ी खबरें

View All

बाड़मेर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग