बूंदी

Bundi News : नगरपालिका बोर्ड बैठक में करोड़ों की जमीन मुफ्त देने पर तकरार, फिर बनी सहमति

नवगठित नगरपालिका बोर्ड की पहली बैठक में विकास के मुद्दों पर तीखी बहस हुई। नोनेरा बांध पेयजल परियोजना के लिए करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन नि:शुल्क देने के प्रस्ताव पर पार्षद आमने-सामने आ गए। किसी ने इसे नगरपालिका की आय का नुकसान बताया तो किसी ने पेयजल परियोजना के लिए जरूरी कदम। बहस के बाद सदन ने सर्वसम्मति से फिल्टर प्लांट और उच्च क्षमता की पेयजल टंकी के लिए नि:शुल्क भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित किया।
2 min read
• •
Oct 17, 2026
first meeting of the Kapren municipal board
कापरेन नगर पालिका में पहली बोर्ड बैठक में चर्चा के दौरान बहस करते पार्षद, मौजूद अध्यक्ष एवं अधिकारी।

कापरेन. नवगठित नगरपालिका बोर्ड की पहली बैठक में विकास के मुद्दों पर तीखी बहस हुई। नोनेरा बांध पेयजल परियोजना के लिए करोड़ों रुपए मूल्य की जमीन नि:शुल्क देने के प्रस्ताव पर पार्षद आमने-सामने आ गए। किसी ने इसे नगरपालिका की आय का नुकसान बताया तो किसी ने पेयजल परियोजना के लिए जरूरी कदम। बहस के बाद सदन ने सर्वसम्मति से फिल्टर प्लांट और उच्च क्षमता की पेयजल टंकी के लिए नि:शुल्क भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पारित किया। बैठक में शहर की रोशनी, सफाई, पेयजल और मृत कर्मचारी के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने जैसे मुद्दे भी उठे।

नवनिर्वाचित पालिकाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। पालिका कर्मचारियों ने अध्यक्ष और बोर्ड सदस्यों का स्वागत किया। अध्यक्ष ने कहा कि सभी सदस्य परिवार की तरह आपसी सामंजस्य से शहर के विकास को प्राथमिकता दें और राजनीति से ऊपर उठकर जनता के हित में निर्णय लें।

जमीन मुफ्त देने पर तीखी बहस

नोनेरा बांध आधारित पेयजल परियोजना के लिए 2.84 हेक्टेयर भूमि निशुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उपाध्यक्ष मनोज मीणा ने इसका समर्थन किया। पार्षद घनश्याम पांचाल ने सभी सदस्यों की सहमति और परियोजना अधिकारियों से चर्चा की बात कही। पार्षद सुनील गौतम ने जमीन का शुल्क निर्धारित करने की पैरवी की। धनराज मीणा ने कहा कि सी-ग्रेड नगरपालिका के पास जमीन ही आय का प्रमुख साधन है। नि:शुल्क आवंटन से करोड़ों रुपए के राजस्व का नुकसान हो सकता है। इस मुद्दे पर उपाध्यक्ष और धनराज मीणा के बीच तीखी बहस हुई। अध्यक्ष ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। अंतत: बोरदा रोड रेलवे फाटक के पास फिल्टर प्लांट और फायर स्टेशन के निकट उच्च क्षमता की पेयजल टंकी के लिए निशुल्क भूमि देने पर सहमति बनी।

पुरानी की जांच, 400 नई लाइटें आएंगी

शहर में रोशनी की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। उपाध्यक्ष मनोज मीणा ने पिछली बोर्ड अवधि में लगाई गई लाइटों का ब्योरा मांगा और बंद लाइटों को ठीक कराने की मांग की। पार्षदों ने लाइटों की खरीद और स्थापना की जांच कराने पर चर्चा की। अध्यक्ष ने बताया कि स्टोर में 50 से 60 लाइटें होने की जानकारी मिली है। करीब 400 लाइटें खराब हैं और 400 नई लाइटों का ऑर्डर दिया गया है। वार्डवार रिकॉर्ड तैयार करने के लिए समिति बनाने पर भी चर्चा हुई।

सफाई और पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश

पार्षदों ने वार्डों में पेयजल संकट, सफाई और कचरा संग्रहण की समस्याएं उठाई। अध्यक्ष ने बताया कि कचरा संग्रहण के लिए अब चार गाडिय़ां चल रही हैं। प्रत्येक वार्ड में तीन सफाई कर्मचारियों की समिति बनाने और पार्षदों को उससे जोडऩे पर विचार किया गया। सीपेज नालों की सफाई के लिए टेंडर होने की जानकारी भी दी गई। अध्यक्ष ने पार्षदों से प्राथमिकताओं के प्रस्ताव लिखित में देने को कहा। बैठक के दौरान पार्षद धनराज मीणा के बीच में उठकर धन्यवाद देने और बैठक समाप्त करने की बात पर उपाध्यक्ष ने आपत्ति जताई। इसके बाद धनराज मीणा बैठक छोडक़र बाहर चले गए। बैठक में अधिशासी अधिकारी प्रवीण कुमार शर्मा सहित पार्षद और कर्मचारी मौजूद रहे।

मृत कर्मचारी के आश्रित को मिलेगी अनुकंपा नियुक्ति

करीब ढाई माह पहले सडक़ दुर्घटना में मृत नगरपालिका कर्मचारी महेंद्र धोबी के आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने पर बोर्ड ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया। प्रस्ताव डीएलबी को भेजा जाएगा।

Updated on:
17 Oct 2026 01:06 pm
Published on:
17 Oct 2026 01:06 pm