बूंदी

युवतियों में हैण्डवर्क की ओढ़नी व ओरेंगजा का लहंगा बन रहा पहली पसंद

इस वर्ष भी गांवों में आखातीज से पहले से ही पीपल पूर्णिमा तक अबूझ सावों पर शादी-ब्याह की भरमार है।
2 min read
Apr 14, 2025
युवतियों में हैण्डवर्क की ओढ़नी व ओरेंगजा का लहंगा बन रहा पहली पसंद
नैनवां। लहंगा-ओढ़नी की खरीदारी करती देहाती महिलाएं

नैनवां. इस वर्ष भी गांवों में आखातीज से पहले से ही पीपल पूर्णिमा तक अबूझ सावों पर शादी-ब्याह की भरमार है। देहाती युवतियों में इस वर्ष भी सावों पर अलग ही तरह के मार्के की ओढनी व लहंगों की मांग सर चढक़र बोल रही है, जिनमे हैंडवर्क की ओढ़नी व ओरेंगजा का लहंगा देहाती युवतियों को सबसे ज्यादा पसंद बनी हुई है।

कपड़ा व्यापारियों ने बताया दोनों प्रकार के लहंगा-ओढ़नी के साथ ही मैचिंग लहंगा, जाल की लूगड़ी, फॉयल का लहंगा व बंधेज की चुनरी भी पसंद बने हुए है। कपड़ा व्यवसायियों ने बताया कि युवतियां सबसे पहले ओढनी व लहंगों के इसी मार्का के कपड़े को दिखाने को कहती है। आखातीज के सावों के साथ-साथ उपखंड में सभी प्रमुख समाजों के सामूहिक विवाह सम्मेलन होने जा रहे है। गांवों में आखातीज के सावों के समय ही कपड़ों के पहनावे की फैशन में बदलाव होता आया है।

खरीदारी परवान पर
रबी की फसल की बम्पर पैदावार होने से देहाती लोग बेटे-बेटियों की शादी-ब्याह की तैयारियों में लगे हुए है। सावों की खरीद परवान पर है। आखातीज व पीपल पूर्णिमा के सावों पर होने वाली शादियों के लिए कोई कपड़ों की तो कोई ज्वैलरी तो कोई बेटियों को उपहार के सामान की खरीदारी कर रहे है तो कोई भानजों व भानजियों के विवाह के भात के लिए कपड़ों व अन्य सामानों की खरीद कर रहे है।

शनिवार को बाजार में कपड़े, ज्वैलरी, इलेक्ट्रोनिक सामानों की दुकानें ग्राहकों से ठसी रही। बाजारों में देहाती लोगों की मेला लगा रहा। जैसे-जैसे आखातीज नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे ही कपड़ों के साथ-साथ ज्वैलरी व अन्य सामानों की खरीदारी बढती जा रही है। ज्वेलरी के साथ इलेक्ट्रोनिक सामानों की भी खरीदारी भी जोरो पर है। रेडिमेड कपड़ों, मनिहारी व चूडियों की दुकानों पर भी दुकानदारों को दिनभर ग्राहकी की फुर्सत नहीं मिल रही थी। दुकानदारों ने बताया कि चार दिन से तो स्थिति यह बनी हुई है कि सुबह दस बजे दुकान खोलते है तब से रात आठ बजे तक ग्राहकी से फुर्सत नहीं मिल पाती।

Updated on:
14 Apr 2025 07:03 pm
Published on:
14 Apr 2025 07:03 pm