
बूंदी. शहर में तीन बत्ती चौराहे पर ज्ञापन देने के दौरान मौजूद प्रदर्शनकारी।
बूंदी. किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर शुक्रवार को कलक्ट्रेट की ओर बड़ी संख्या में जा रहे कांग्रेस प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने तीन बत्ती सर्किल पर रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। सर्कल पर यह प्रदर्शन मात्र 20 मिनट में समाप्त हो गया। इससे पहले पुरानी धानमंडी में सभा के बाद प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए पैदल कलक्ट्रेट की ओर बढऩे लगे। प्रदर्शन को देखते हुए कोटा-बूंदी के पुलिस अधिकारियों, जवानों के अलावा एसटीएफ, रेपिड एक्शन फोर्स और वज्र वाहन तैनात किए गए।
सात लेयर सुरक्षा, पहली पर ही रोक लिया
पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा की सात लेयर व्यवस्था कर रखी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी पहली लेयर में सादा वर्दी में खड़े जवानों के घेरे को ही नहीं तोड़ सके और वहीं रुक गए। प्रदर्शनकारियों ने आगे बढऩे का प्रयास किया और हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन वे विफल रहे। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर कलक्टर को बुलाने की मांग की। अतिरिक्त जिला कलक्टर और उपखंड अधिकारी वहां पहुंचे और ज्ञापन लिया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनी।
यह थी प्रदर्शनकारियों की मांग
प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से विभिन्न मुद्दों पर हस्तक्षेप की मांग की। इनमें किसानों और युवाओं से जुड़े मसले प्रमुख रहे। प्रदर्शनकारियों ने युवाओं व छात्रों पर अत्याचार रोकने और पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के बाहर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ दुव्र्यवहार को लोकतंत्र का गला घोटने जैसा बताया। किसानों के लिए सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति, नहरी पानी उपलब्ध कराने और टेल क्षेत्र तक पानी पहुंचाने, खाद की कीमतें कम करने, अटैचमेंट की लूट बंद करने और पर्याप्त खाद आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई। केडीए के नाम पर घरों में तोडफ़ोड़ बंद करने की मांग भी रखी।
केंद्र-राज्य सरकार पर बरसे
पुरानी धानमंडी में आयोजित कांग्रेस की सभा में नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। जिलाध्यक्ष महावीर मीणा ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि ये सरकारें किसानों, युवाओं और आम जनता पर लगातार अत्याचार कर रही हैं। लोकतंत्र का गला घोटा जा रहा है। विधायक हरिमोहन शर्मा ने कहा कि सरकार जनविरोधी नीतियों को अपनाकर जनता के अधिकारों का हनन कर रही है। सरकार किसानों की आवाज सुनने को तैयार नहीं है। सभा को बूंदी प्रभारी वीरेंद्र ङ्क्षसह झाला, विधायक सुरेश गुर्जर, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, कांग्रेस एससी विभाग प्रदेश महासचिव डॉ. डी.के. मेघवाल, रामकरण मीणा, सरनजीत ङ्क्षसह, मोडूलाल वर्मा, जगरूप ङ्क्षसह रधांवा एवं प्रेम शंकर राठौड़ नेताओं ने संबोधित किया। संचालन चर्मेश शर्मा ने किया।
Updated on:
25 Jul 2026 12:08 pm
Published on:
25 Jul 2026 12:07 pm
