
बुलडोजर कार्रवाई के दौरान का फोटो: पत्रिका
Forest Department Removed Illegal Encroachment: बूंदी शहर के नैनवां रोड पर कुछ दिन पहले उधार में सिगरेट नहीं देने के विवाद में पान की थड़ी संचालक पर हुए जानलेवा हमले के आरोपियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस-प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने जनता कॉलोनी में वन भूमि पर बने आरोपियों के अवैध निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के परिजन मकान नहीं तोड़ने की गुहार लगाते रहे। रामगढ़ टाइगर रिजर्व के रेंजर सुमित कनोजिया ने बताया कि आरोपियों रविशंकर उर्फ भट्टा और विशाल मेघवाल ने वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण कर मकान बना रखे थे।
16 जुलाई को उन्हें दो दिन के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने का नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय तक निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर वन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर से अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। जिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू होने के बाद अपराधियों के खिलाफ इस तरह की यह चौथी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। इससे पहले रामगंजबालाजी, डाबी और हिंडोली क्षेत्र में भी आरोपियों के अवैध निर्माण हटाए जा चुके हैं। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अर्जन लाल मीणा, एसीएफ हरि सिंह हाड़ा, सदर थाना प्रभारी भंवर सिंह, वन विभाग, पुलिस एवं बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्रवाई सबसे पहले विशाल मेघवाल के मकान पर शुरू हुई। जैसे ही जेसीबी ने निर्माण तोड़ना शुरू किया, परिजनों ने प्रशासन से मकान नहीं तोड़ने की अपील की। आरोपी की बहन ने अधिकारियों से कहा कि यह मकान उनके पिता ने मेहनत से बनाया है और इसे नहीं तोड़ा जाए। कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने परिजनों को समझाकर मौके से हटाया। इसके बाद रविशंकर उर्फ भट्टा के अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कर दिया गया।
सदर थाना प्रभारी भंवर सिंह के अनुसार 11 जुलाई को नैनवां रोड पर बाइक सवार तीन युवकों ने पान की थड़ी संचालक बहादुर मीणा से उधार में सिगरेट मांगी थी। मना करने पर विवाद हो गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर बहादुर मीणा को गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोटा रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में रविशंकर उर्फ भट्टा, विशाल मेघवाल और गुढ़ानाथावतान निवासी अर्जुन उर्फ टीनू को गिरफ्तार किया था। तीनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में हैं।
पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले, आमजन में भय का वातावरण बनाने वाले तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत और कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी अवैध गतिविधि या सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की सूचना तत्काल पुलिस या संबंधित विभाग को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
अवनीश कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक,बूंदी
Updated on:
21 Jul 2026 09:39 am
Published on:
21 Jul 2026 09:38 am
