
बच्ची की फाइल फोटो: पत्रिका
4 Year Girl Died After Dog Attack: बूंदी जिले में आवारा कुत्तों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा। सदर थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव में कुत्तों के झुंड के हमले में गंभीर रूप से घायल हुई 4 वर्षीय बालिका की कोटा में उपचार के दौरान मौत हो गई। बीते 3 वर्षों में जिले में कुत्तों के हमले से मौत का यह तीसरा मामला है। जानकारी के अनुसार बिशनपुरा निवासी ओमप्रकाश मीणा की 4 वर्षीय पुत्री श्रेया सोमवार सुबह अपनी बड़ी बहन के घर से खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। हमले में बालिका की रीढ़ की हड्डी टूट गई तथा सिर और पेट पर गंभीर घाव हो गए। ग्रामीण और परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान सोमवार शाम उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बालिका की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक कुत्तों ने उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजन अचेत अवस्था में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जिला अस्पताल के सर्जन डॉ. शुभम व्यास ने बताया कि हमले में बालिका की रीढ़ की हड्डी टूट गई थी जिससे कमर के नीचे का हिस्सा सुन्न हो गया। अस्पताल पहुंचने पर बच्ची अचेत थी। चिकित्सकों ने तत्काल सीपीआर दिया और उपचार शुरू किया। उसके घावों पर करीब 10 टांके लगाए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रेफर किया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
इधर आवारा कुत्तों का आतंक जिले में अन्य स्थानों पर भी देखने को मिला। बूंदी जिले के नीम का खेड़ा क्षेत्र में लक्ष्मीपुरा निवासी कैलाश बाई (60) पैदल नीम का खेड़ा जा रही थीं। रास्ते में एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके 15 टांके लगाए। कैलाश बाई विधवा हैं और परिवार में उनका कोई सहारा नहीं है। वहीं शाहीपुरा निवासी युवती ब्रह्मा गुर्जर (22) खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान एक कुत्ते ने उनके हाथ और पैर पर हमला कर काट लिया। परिजन उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार जारी है।
गत 4 मई को तालेड़ा थाना क्षेत्र के अल्कोदिया गांव में 9 वर्षीय बालिका रिंकू की कुत्तों के हमले में मौत हो गई थी। इससे पहले 10 जुलाई 2023 को सदर थाना क्षेत्र के तिखाबाड़ा गांव में 12 वर्षीय मांगीलाल की भी खेत जाते समय कुत्तों के झुंड के हमले में जान चली गई थी। जिले में गत 5 अप्रेल को लाखेरी में एक ही दिन में अलग-अलग घटनाओं में 49 लोग कुत्तों के हमले में घायल हुए थे।
Updated on:
21 Jul 2026 07:27 am
Published on:
21 Jul 2026 07:27 am
